झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव : पहले दिन 70 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन पर्चा

झारखंड में सात साल बाद हो रहा स्टेट बार काउंसिल का चुनाव झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। मंगलवार को नामांकन दाखिल करने के पहला दिन 70 प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा भरा। प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ डोरंडा स्थित झारखंड स्टेट बार काउंसिल कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने चीफ रिटर्निंग आफिसर जस्टिस अंबुज नाथ के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन का कार्य शाम 4:30 बजे तक चला। इस दौरान असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर सेवानिवृत्त जिला जज आलोक दुबे और शिवनारायण सिंह भी उपस्थित थे। जस्टिस अंबुज नाथ ने बताया कि मंगलवार को 70 प्रत्याशियों ने नामांकन दर्ज कराया। बुधवार को नामांकन का आखिरी दिन है। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 13 फरवरी को और 14 फरवरी उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। अंतिम सूची 18 फरवरी को जारी होगी। मंगलवार को नामांकन दाखिल करने वालों में झारखंड स्टेट बार काउंसिल के निवर्तमान चेयरमैन राजेंद्र कृष्ण, निवर्तमान वाइस चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ला, बीसीआई सदस्य प्रशांत कुमार सिंह के अलावा सरकार के वरीय स्थायी सलाहकार अशोक कुमार यादव, राम सुभग सिंह, ललित यादव सहित अन्य शामिल थे। झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव में मंगलवार को धनबाद बार एसोसिएशन के महासचिव जितेंद्र कुमार ने रांची स्थित स्टेट बार काउंसिल कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। वह सुबह 9 बजे धनबाद से रांची पहुंचे थे। इस दौरान जितेंद्र कुमार के साथ युवा और वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद थे। बता दें कि करीब सात साल बाद बार काउंसिल का चुनाव हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने मार्च तक चुनाव की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। इसके लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी का भी गठन किया गया है। बार काउंसिल कुल 25 पदों पर चुनाव होना है। इस चुनाव मे पहली बार सात सीटें महिला अधिवक्ताओं के लिए रिजर्व की गई हैं। इसमें पांच सदस्य चुनाव से निर्वाचित की जाएंगी। जबकि, दो महिला सदस्यों का चयन मनोनयन से हो गा। यानी 18 पुरुष और 5 महिला सदस्यों के लिए चुनाव होगा। 12 मार्च की सुबह 11.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक मतदान होगा। राज्य के 25001 वोटर अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *