सीएसटी ने मानसरोवर से एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर एमडी ड्रग्स बरामद की है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 6 लाख रुपए कीमत है। कार्रवाई के दौरान गंगा-जमुना पेट्रोल पंप से शिप्रापथ रोड की ओर आ रहे संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें 55.02 ग्राम एमडी, 17,900 रुपए नकद और लग्जरी वाहन जब्त किया। इसके बाद आरोपी हरिओम प्रजापत (28) निवासी बदनौर भीलवाड़ा हाल वर्धमान नगर 200 फीट बाईपास श्याम नगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आयुक्तालय की सीएसटी (क्राइम स्पेशल टीम) ने कार्रवाई करते हुए आमेर, सांगानेर सदर व बगरू क्षेत्रों में छापेमारी कर 5 मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 1 किलो 344 ग्राम चरस, 10.20 ग्राम स्मैक और 4.84 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। साथ ही 28870 रुपए, लग्जरी कार और बाइक भी जब्त की। बरामद चरस की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपए, स्मैक 2 लाख और एमडी करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है। इस प्रकार कुल 12.28 लाख रुपए के नशीले पदार्थ पकड़े हैं। स्पेशल कमिश्नर राहुल प्रकाश ने बताया कि डीसीपी क्राइम अभिजीत सिंह के सुपरविजन में कार्रवाई की। पहली कार्रवाई: आमेर में 1.344 किलो चरस जब्त सीएसटी को प्राचीन चामुंडा मंदिर के पास दिल्ली हाईवे पर ड्रग्स सप्लाई की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर पहल सिंह (43) निवासी मूल ओबाण-रोल्पा नेपाल, हाल कुल्लू (हिमाचल) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1 किलो 344 ग्राम चरस बरामद हुई। तीन साल पहले उसकी पहचान कुल्लू-मनाली की सब्जी मंडी में नेपाल की भावना देवी से हुई थी। 4 महीने पहले भावना ने उसे जयपुर में चरस पहुंचाने के बदले 20 हजार रुपए देने का लालच दिया। बेरोजगार होने के कारण उसने काम स्वीकार कर लिया। वह पहले भी चरस सप्लाई कर चुका था दूसरी कार्रवाई: 10.20 ग्राम स्मैक, 21 हजार जब्त सांगानेर सदर थाना इलाके में संजीवनी सिटी सेकंड के बाहर कार्रवाई में पुलिस ने स्मैक तस्कर मनीष कुमार सांसी (25) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 10.20 ग्राम स्मैक व बिक्री के 21500 रुपए बरामद किए। तीसरी कार्रवाई: बगरू में गैंग को पकड़ा एक नर्सिंग कॉलेज के सामने छापे में तीन आरोपी पकड़े गए। आरोपी महेंद्र कुमार चौधरी (31) व विनोद रैगर (27) निवासी मोहनपुरा गांधी नगर अजमेर आैर गोविंद सिंह छापरिया (27) निवासी ममाणा-नरेना जयपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 4.84 ग्राम एमडी, 7370 रुपए, लग्जरी कार और बाइक बरामद की है। विनोद रैगर पहले से एमडी का नशा करता था और राजू हिनोनिया (सांसी बस्ती, अजमेर) से माल खरीदता था, जो प्रति टोकन 1500 रुपए में एमडी बेचता है। ज्यादा मुनाफे के लालच में महेंद्र भी इस धंधे में जुड़ गया और अपनी कार RJ 01 CD 8317 से सप्लाई में मदद करता था, जिसके बदले उसे आधा मुनाफा और पेट्रोल खर्च मिलता था।


