भास्कर न्यूज | रूसे सरकारी निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठते सवालों के बीच ग्राम पंचायत प्राधिकरण में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन अब जांच के घेरे में आ गया है। घटिया निर्माण सामग्री, गुणवत्ताहीन काम और गंभीर अनियमितता सामने आई है। इसके चलते जनपद पंचायत पंडरिया ने तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। ग्राम पंचायत रूसे में अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से सामुदायिक भवन स्वीकृत हुआ है। जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद जब जनपद पंचायत स्तर पर जांच की गई, तो निर्माण कार्य में गंभीर तकनीकी और गुणवत्ता संबंधी खामियां पाई गईं। इसके बाद जनपद पंचायत सीईओ ने आदेश जारी कर अगले आदेश तक काम पूरी तरह बंद करवा दिया है। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि निर्माणाधीन ढांचे से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। कलेक्टर व तकनीकी विभाग तक सूचना दिए मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा व तकनीकी सहायक उपसंभाग पंडरिया को भेजी गई है। तकनीकी सहायक हिरेंद्र वैष्णव ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने के निर्देश दिए हैं।


