बरेली में एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने बेटों और साथियों के साथ मिलकर एक विधवा महिला से मारपीट की। दबंगों ने उसके घर की दीवार तोड़कर जमीन कब्जाने की कोशिश की। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए पथराव किया। मामला सीबीगंज थाना क्षेत्र के जौहरपुर गांव का है। जौहरपुर गांव की रहने वाली सुनीता देवी सोमवार शाम करीब 6 बजे वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव का ही हिस्ट्रीशीटर नरेश गुप्ता अपने बेटों जतिन उर्फ काले, रोहित, आकाश, सीमा गुप्ता और 10-12 अज्ञात हमलावरों के साथ उसके घर में घुस आया। तमंचा निकालकर गोली मारने की धमकी दी महिला का आरोप है कि जतिन और उसके साथियों ने उसे पकड़कर मारपीट की और गला दबाकर अपहरण करने की कोशिश की। जब उन्होंने विरोध किया तो हिस्ट्रीशीटर नरेश गुप्ता ने तमंचा निकाल लिया और गोली मारने की धमकी दी। दबंगों ने महिला पर जान से मारने की नीयत से पथराव किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी। होश आने पर पीड़िता ने देखा कि आरोपी उसके घर की दीवार तोड़कर अवैध कब्जे की कोशिश कर रहे थे। किसी तरह जान बचाकर महिला ने रिश्तेदारों और पुलिस को सूचना दी। पूरे परिवार को जान का खतरा, दहशत में ग्रामीण पीड़िता ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई है कि विपक्षी बेहद शातिर और आपराधिक किस्म के लोग हैं। इस घटना के बाद से सुनीता और उसका परिवार दहशत में है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


