कैंट थाना इलाके में वर्ष 2023 के युवक के अपहरण और मारपीट के मामले में फरार चल रहे दस हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक का अपहरण किया और उसे कार में बिठाकर अज्ञात जगह ले जाकर मारपीट की थी। मुख्य आरोपी को पुलिस ने नवंबर महीने में गिरफ्तार कर लिया था। मेहंदी लगवाने के बहाने बुलाया था मामला वर्ष 2023 का है। आरोन निवासी विशाल सिलावट (21) पुत्र कोमल सिंह सिलावट ने कैंट थाने में मामला दर्ज कराया था। उसने बताया था कि 26.05.23 को वह नर्सिंग की ट्रेनिंग करने जिला अस्पताल गुना आया था। दोपहर 1.30 से 2 बजे के बीच उसके पास फोन आया और बोला कि “हमे कुशमौदा में शादी में मेहंदी लगवाना है, तू मारुति शोरुम पर आ जा।” जबरन कार में बैठाया, गर्दन पकड़कर पटका विशाल ने बताया, “मैं टेक्सी से मारुति शोरुम पर पहुंचा, तो वहां मुझे एक सफेद रंग की कार, जिसमे दो व्यक्ति बैठे थे मिले और मुझे मेरी सहमति के बिना जबरदस्ती कार में बैठा लिया। उनमें से एक आदमी ने मुझे कसकर पकड लिया और गाड़ी के कांच बन्द करके दरवाजा लॉक कर दिया। उसके साथी गाडी चलाकर बायपास रोड तरफ ले जाने लगे। रास्ते में मैने उनसे पूछा कि तुम मुझे कहां ले जा रहे हो, तो उन्होंने मेरी गर्दन पकड़कर सीट पर पटक दिया था।” डैम के पास ले गए, बोले- आज तेरी पूजा होगी विशाल ने बताया, “मैं चिल्लाता रहा, लेकिन गाडी के कांच बन्द होने से मेरी आवाज बाहर नहीं जा पा रही थी। फिर वो मुझे गाडी से गोपीसागर डेम तरफ एक सुनसान जगह खेत पर ले गये। वहां पर टूटा सा घर बना था तथा तीन चार कुत्ते व भैसें बंधी थी।” वहां एक व्यक्ति ने उससे कहा कि “तू मेरी पत्नी को दो तीन माह से परेशान कर रहा है, आज तेरी पूजा होगी।” कपड़े उतारकर 2 घंटे तक बेल्ट से पीटा आरोपियों ने उसे थप्पड़ों और बेल्ट से पीटना शुरू कर दिया। दूसरे आदमी ने ऊपर पानी डाला और गालियां दीं। फिर दोनों ने कपड़े उतारकर दो घंटे तक मारपीट की। 10 हजार फिरौती मंगवाई, सिगरेट लेने रुके तो भागा आरोपियों ने कहा, “अर्जेंट में दस हजार रुपए डलवा, तब तुझे छोड़ेंगे।” मजबूर होकर विशाल ने अपनी मां के फोन पे से 10 हजार रुपए फिरौती भिजवाई। वापसी में वे एक दुकान पर सिगरेट लेने उतरे, तभी विशाल गेट खोलकर भागा और गादेर गुफा के पास वाटर पार्क के गेट पर पहुंच गया। वहां गार्ड की मदद से मां को फोन किया और अस्पताल में भर्ती हुआ। 14 नवंबर को घोषित हुआ था इनाम पुलिस ने आरोपी पवन रजक और एक अज्ञात के खिलाफ अपहरण, SC-ST एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। 14 नवंबर को SP अंकित सोनी ने आरोपी पवन रजक और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी पर दस हजार का इनाम घोषित किया था। 20 नवंबर को आरोपी पवन रजक को गिरफ्तार कर लिया गया था। बाकी आरोपी फरार चल रहे थे। कैंट पुलिस ने बताया कि SP अंकित सोनी द्वारा लंबित अपराधों की समीक्षा के दौरान इस मामले की जानकारी आने पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में सीएसपी प्रियंका मिश्रा के नेतृत्व में केंट थाना प्रभारी TI अनूप कुमार भार्गव और टीम गठित कर सक्रिय की गई। इसी क्रम में फरार एक आरोपी के संबंध में मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए प्रकरण में घटना दिनांक से ही फरार चल रहे 10 हजार रूपये का इनाम आरोपी कल्ला उर्फ रवि पुत्र गेंदालाल अहिरवार उम्र 23 साल निवासी ग्राम रेंझाई हाल रशीद कॉलोनी गुना को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


