नर्मदापुरम जिला मुख्यालय पर मंगलवार दोपहर को चक्कर रोड तिराहे के पास पेट्रोल पंप संचालक/अधिवक्ता मनु प्रताप सिंह परिहार पर जानलेवा हमला हुआ। गाड़ी से आएं हमलावरों ने मारपीट की। घर के सामने पड़ी रेत को उठाने के दौरान पांच गाड़ियों से आए लोगों ने रेत की रायल्टी को लेकर पूछताछ की। इसी दौरान विवाद बढ़ा और मारपीट शुरू हो गई। बीच बचाव के लिए आए पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ भी मारपीट की गई। घटना के विरोध के बाद स्थानीय लोगों ने माखननगर रोड पर जाम लगा दिया। हालांकि बाद में अधिकारियों की समझाइश के बाद यातायात चालू किया गया। मामले में कोतवाली थाने में पुलिस ने देर शाम को राजा, सुरेंद्र सिंह, अवधेश सिंह, योगेंद्र सिंह, नेत्रपाल सिंह, नागेंद्र सिंह, आकाश शर्मा सहित अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक संभागीय मुख्यालय पर दिन दहाड़े इस तरह की वारदात होना, शहर की कानून व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर रही है। मामले को लेकर मंगलवार दोपहर भाजपा जिला पदाधिकारी व करणी सेना के सदस्यों के साथ ही अधिवक्ता भी कोतवाली पहुंचे। साथ ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने बताया अधिवक्ता/पेट्रोलपंप संचालक और स्टाफ के साथ मारपीट की वारदात हुई है। इस मामले में कुछ आरोपितों पर मामला दर्ज किया गया है। विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


