राजस्थान की भजनलाल सरकार आज अपना तीसरा बजट पेश करने जा रही है। प्रदेश की उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी बुधवार को सुबह सवा 11 बजे विधानसभा में डिजिटल बजट प्रस्तुत करेंगी। इस बजट को लेकर पूरे प्रदेश के साथ-साथ नवगठित बालोतरा जिले के लोगों में खासा उत्साह और उम्मीदें देखने को मिल रही हैं। क्षेत्रीय जरूरतों को लेकर सीएम ने किया संवाद
बजट से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी भाजपा विधायकों और विधानसभा प्रत्याशियों से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने जमीनी जरूरतों और क्षेत्रीय समस्याओं पर संवाद किया। माना जा रहा है कि इस फीडबैक का असर बजट घोषणाओं में देखने को मिल सकता है। बालोतरा जिले के लोग खास तौर पर बुनियादी सुविधाओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार से ठोस घोषणाओं की आस लगाए बैठे हैं। उनकी प्रमुख उम्मीदें इस प्रकार हैं: खराब और जर्जर सड़कों के नवीनीकरण की उम्मीद
हाल ही में बालोतरा को नया जिला बनाया गया है। ऐसे में जिले में खराब और जर्जर सड़कों के नवीनीकरण, नए सड़क मार्गों की स्वीकृति और हाईवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने की मांग की गई है। बिजली आपूर्ति और नए सब स्टेशन की मांग
बालोतरा में औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण निर्बाध बिजली आपूर्ति, नए सब-स्टेशन और ग्रामीण इलाकों में विद्युत ढांचे के विस्तार की उम्मीद है। पेयजल समस्याओं के समाधान की मांग
बालोतरा जिले में अक्सर लोगों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ता है। पेयजल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों के लिए स्थायी समाधान, नई जल योजनाएं और नहर-आधारित परियोजनाओं की घोषणा की आस है। नए कॉलेज, व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों की मांग
बालोतरा के युवाओं को उच्चा शिक्षा, टेक्निकल और व्यावसायिक पढाई के लिए जोधपुर या जयपुर जाना पड़ता है। ऐसे में स्टूडेंट्स को उम्मीद है कि क्षेत्र में उच्च शिक्षा की व्यवस्था की जाए। किसानों को सुविधाओं की उम्मीद
क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई सुविधाएं, फसल बीमा, सब्सिडी, आधुनिक कृषि तकनीक और मंडी विकास से जुड़ी घोषणाओं की मांग की जा रही है।


