चित्तौड़गढ़ में मौसम अब साफ तौर पर गर्मी की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। बुधवार की सुबह से ही शहर में तेज धूप खिली रही, जिससे लोगों को हल्की गर्मी का अहसास होने लगा। शहर में अब सुबह के समय ही सूरज की किरणें चुभने लगती है और दोपहर होते-होते गर्मी और ज्यादा महसूस होने लगती है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव के साथ बढ़ोतरी हो रही है। मौसम के इस बदलाव ने यह संकेत दे दिया है कि अब सर्दी लगभग विदा लेने लगी है और गर्मी ने धीरे-धीरे अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। दिन में पंखे चलने लगे, रात का तापमान भी बदला गर्मी बढ़ने का असर अब लोगों की दिनचर्या में भी साफ दिखाई देने लगा है। दोपहर के समय धूप इतनी तेज हो रही है कि कई घरों और कार्यालयों में पंखे चलने लगे हैं। पहले जहां सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस होती थी, वहीं अब वह भी कम होती जा रही है। रात के तापमान में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। ठंडक पहले की तुलना में कम हो गई है और हल्की गर्मी महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। आंकड़े साफ बता रहे हैं कि दिन और रात, दोनों समय तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। एक हफ्ते तक मौसम रहेगा साफ और शुष्क मौसम विभाग ने चित्तौड़गढ़ के मौसम को लेकर जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके अनुसार फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। आगामी एक सप्ताह तक मौसम ड्राई यानी शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान न तो बारिश के आसार हैं और न ही किसी प्रकार के पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिख रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा, तब तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। खास तौर पर दिन के तापमान में इजाफा होने की पूरी संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा महसूस की जा सकती है।


