पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच सामने आए विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में राजनीतिक दलों के बीच नोक-झोंक, आरोप-प्रत्यारोप और तीखी बहस कोई नई बात नहीं है और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है लेकिन राहुल गांधी और रवनीत सिंह बिट्टू से जुड़े इस मामले को जानबूझकर जरूरत से ज्यादा उछाला जा रहा है। मंगलवार को स्पीकर संधवां ने फरीदकोट के कोटकपूरा क्षेत्र में करीब 4 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की रस्मी शुरुआत करवाई और राज्य सरकार द्वारा बुनियादी ढांचा मनबूत करने के प्रयासों से अवगत कराया। विवादों को राजनीतिक हथियार बना रही भाजपा : संधवां इन परियोजनाओं में गांव संधवां से चाहिल तक 223.03 लाख, कोटकपूरा से ब्राह्मण वाला वाया बाजीगर बस्ती से कोठे बल्लां तक 63.80 लाख रुपए और कोटकपूरा-बठिंडा रोड से कोटकपूरा-जैतो रोड (23 फीट चौड़ी सड़क) तक 113.37 लाख रुपए की लागत से निर्माण किया जाएगा। साथ ही अगले 5 वर्ष तक सड़कों के रख रखाव का भी प्रावधान रखा गया है। पत्रकारों से बातचीत में स्पीकर संधवां ने आरोप लगाया कि भाजपा इस विवाद को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रही है, ताकि देश में चल रहे असली और गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान हटाया जा सके। जनता की समस्याओं का समाधान करें केंद्र सरकार-स्पीकर संधवां स्पीकर संधवां ने आगे कहा कि मौजूदा समय में केंद्र सरकार को महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दे, कानून-व्यवस्था और अन्य जनहित से जुड़े सवालों पर लगातार जनता के विरोध और असंतोष का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय राजनीतिक विवादों को हवा देकर माहौल को भटकाने की कोशिश कर रही है। स्पीकर ने केंद्र सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि उसे राजनीतिक बयानबाजी और विवादों को बढ़ावा देने के बजाय गंभीरता से जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।


