जालोर में 2 भाइयों के घरों से लाखों की चोरी:अलमारी और तिजोरी के ताले टूटे मिले, पिता की शोक सभा में गांव गए थे

जालोर शहर के वाडिया क्षेत्र स्थित गणेश नगर कॉलोनी में चोरों ने 2 सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार पिता के निधन के बाद गांव गया हुआ था। लौटने पर घरों के ताले टूटे मिले और अलमारी तिजोरी से सोना, चांदी और नकदी गायब पाई गई। घर की तिजोरी और अलमारी में रखे करीब 12 सौने व 50 तोला चांदी की ज्वैलरी चोरी कर ले गए। राजकुमार जीनगर ने बताया कि आहोर के वेडिया हॉल निवासी ओमप्रकाश पुत्र कुयाराम और भीमाराम पुत्र कुयाराम मेघवाल के पिता कुयाराम का 27 जनवरी को निधन हो गया था। इसके बाद दोनों भाइयों का पूरा परिवार शोक कार्यक्रम के लिए गांव गया हुआ था। मंगलवार को शोक सभा निपटाकर जब परिवार वापस जालोर स्थित गणेश नगर कॉलोनी के घर पहुंचा, तो घरों के हालात देख सभी हैरान रह गए। अलमारी और तिजोरी के ताले टूटे मिले
परिजनों ने घर का दरवाजा खोलते ही देखा कि कमरों में रखी अलमारी, तिजोरी और पेटियों के ताले टूटे हुए थे। कपड़े, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान बिखरा पड़ा था। ज्वैलरी और नकदी गायब देख परिवार की महिलाएं रोने लगीं। इसके बाद तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। ओमप्रकाश के घर से यह सामान चोरी
चोर ओमप्रकाश पुत्र कुयाराम के घर से एक तोला सोने की वाली, सोने की नथ, सोने की लूग चार जोड़ी, चांदी के कंदोरा दो जोड़ी, चांदी के हाथ और पांव के कड़े चार जोड़ी और 65 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। भीमाराम के घर से भी ज्वैलरी और नकदी ले गए
भीमाराम पुत्र कुयाराम के घर से सोने की कान की वाली, दो तोला सोने की कंठी, सोने की लूग दो जोड़ी, सोने की नथ, चांदी के हाथ के कड़े, चांदी की माठली, चांदी का कंदोरा, चांदी की चूड़ियां, चांदी की कांकण, चार जोड़ी चांदी की अंगूठी और 50 हजार रुपए नकद चोरी किए गए। दीवार कूदकर घुसने की आशंका
परिवार के लोगों ने बताया कि मकान के बाहर ताला लगा हुआ था। आशंका है कि चोर पास की गली से दीवार कूदकर घर के अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया। पुलिस ने आसपास के इलाके में पूछताछ शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *