राजस्थान विधानसभा में बुधवार को वित्त मंत्री दीया कुमारी राज्य बजट पेश करेंगी। बजट में नई स्कीम्स और विकास कार्यों की अनेकों घोषणाएं होंगी। वहीं दौसा जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए भी कई अहम घोषणाएं हो सकती हैं। जिनमें दौसा शहर के लिए सीवरेज लाइन, बांदीकुई में आवासीय महिला कॉलेज, महवा के बैजूपाडा में एसडीएम कार्यालय व सिकराय में कृषि उपज मंडी की घोषणा संभव है। विधानसभावार कई मांगें
दौसा को एजुकेशन हब बनाने के लिए यूनिवर्सिटी, शहर में सीवरेज लाइन, नीलकंठ महादेव मंदिर के लिए रोपवे, गोशालाएं खोलने, फुटबॉल अकादमी की स्थापना समेत शहर के सौन्दर्यकरण के लिए बजट की मांग है। वहीं बांदीकुई उपजिला अस्पताल को जिला अस्पताल बनाने, सावित्री बाई फुले के नाम से प्रदेश का पहला राजकीय आवासीय महिला कॉलेज, राजेश पायलट पीजी कॉलेज में नए संकाय, एडीजे कोर्ट बांदीकुई को पॉक्सो व एससी एवं एसटी केस की सुनवाई की स्वीकृत मिल सकती है। बैजूपाडा में एसडीएम आफिस की मांग महवा विधानसभा क्षेत्र के बैजूपाड़ा में उपखंड कार्यालय, केन्द्रीय बस स्टैंड, जिला अस्पताल में मरीजों के लिए बेड की बढ़ोतरी, महवा में नर्सिंग कॉलेज, मंडावर में पशु चिकित्सा महाविद्यालय, बैजूपाड़ा में कॉलेज समेत कई प्रमुख मांग हैं। इसी प्रकार लालसोट के राहुवास में उप जिला अस्पताल, रामगढ़ व लालसोट में आयुष चिकित्सालय, रामगढ़ पचवारा में एकलव्य आदर्श आवासीय छात्रावास, लालसोट में पीएचईडी खंड कार्यालय, फल एवं सब्जी मंडी, लालसोट में विशिष्ट न्यायालय, पपलाज में पुलिस चौकी की मांग है। वहीं सिकराय विधानसभा क्षेत्र में पेयजल समस्या का स्थाई समाधान समेत सिकराय में कृषि उपज मंडी, सड़कों की मरम्मत के लिए बजट, नए स्कूल और कॉलेज खोलने, मेहंदीपुर बालाजी के विकास के लिए बजट व अग्निशमन कार्यालय भी मांग प्रमुख तौर पर बनी हुई है।


