अमेरिका की कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत एक्सपर्ट टोंक के सरकारी स्कूल में पहुंचे और विद्यार्थियों को खास टिप्स दिए। मंगलवार को जिले की दूनी तहसील में पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में इंटरनेशनल एक्सपर्ट लेक्चर कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम के तहत अमेरिका के ब्रोशहिल शहर में इंटेल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बडोली निवासी अनिरुद्ध सिंह ने छात्र-छात्राओं से बात की। उन्हें अपनी पढ़ाई से लेकर अमेरिकी कंपनी में काम करने तक के अनुभव साझा किए। अनिरुद्ध सिंह ने बताया- ग्रामीण क्षेत्र से कठिन परिश्रम के साथ पढ़ाई कर नवोदय विद्यालय से 12वीं उत्तीर्ण की। फिर मुंबई से बीटेक किया। अमेरिका से एमटेक की पढ़ाई और पीएचडी की डिग्री हासिल की। इसके बाद अमेरिका में ही इंटेल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम मिल गया। उन्होंने कहा-विषम परिस्थितियों में अपने आप को ढाल कर अनुशासित जीवन और कठिन परिश्रम से व्यक्ति कोई भी मुकाम हासिल कर सकता है। उन्होंने भारतीय परिवेश एवं अमेरिकी परिवेश का तुलनात्मक विश्लेषण व्याख्यान में प्रस्तुत किया। शहरी संकुल प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी एवं प्रधानाचार्य कैलाश वर्मा, पीएम प्रभारी सुरेन्द्र सिंह नरूका ने बताया- पीएम श्री योजना अंतर्गत राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत प्रतिवर्ष एक राष्ट्रीय और एक अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ का व्याख्यान होता है। इसी के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। व्याख्यान से पूर्व विद्यालय परिवार के द्वारा राजस्थानी परंपरा के अनुसार माला और साफा पहनाकर सिंह का स्वागत किया गया। इस अवसर पर सॉफ्टवेयर इंजीनियर अनिरुद्ध सिंह की माता महात्मा गांधी विद्यालय की शिक्षिका भगवती अजमेरा, पिता टोकरावास प्रधानाचार्य रघुवीर सिंह,उप प्रधानाचार्य सीमा शेर,महावीर प्रसाद बडगूजर, अशोक शर्मा, अतुल भारद्वाज गिरधारी लाल शर्मा,लादू लाल मीणा सहित विद्यालय स्टाफ एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।


