सागर के शाहगढ़ में नर्स की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी वारदात के सात दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस सागर से लेकर जबलपुर तक आरोपी की तलाश कर रही है लेकिन आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। इसी बीच पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस से जारी सूचना के अनुसार, हत्या के मामले में फरार आरोपी सुशील पिता रामसेवक चढ़ार उम्र 28 साल निवासी मुड़िया, पनागर (जबलपुर) फरार है। आरोपी के संबंध में सूचना देने और गिरफ्तार कराने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाली व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। आरोपी के संबंध में कोई भी व्यक्ति एसडीओपी बंडा के मोबाइल नंबर 7587635630 और शाहगढ़ थाना प्रभारी के नंबर 7701055712 पर सूचना दे सकता है। शाहगढ़ अस्पताल के गेट पर मारी थी दो गोलियां मृतका दीपशिखा चढ़ार उम्र 26 साल निवासी पाटन (जबलपुर) करीब दो साल से शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्स के पद पर पदस्थ थी। वह अस्पताल से करीब 100 मीटर की दूरी पर किराए का कमरा लेकर रह रही थी। 4 फरवरी की रात नर्स दीपशिखा की ड्यूटी रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक थी। वह ड्यूटी का समय होने पर पैदल रूम से अस्पताल ड्यूटी पर जा रही थी। तभी अस्पताल के गेट के पास पहुंची तो आरोपी ने हाथ पकड़ लिया। उसने छुड़ाया तो धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इसी दौरान आरोपी ने जेब से कट्टा निकाला और तीन फायर किए। एक फायर मिस हो गया। लेकिन दो गोलियां नर्स की पीठ पर दिल के ठीक पीछे लगी। जिससे वारदातस्थल पर ही नर्स दिपशिखा की मौत हो गई थी। एकतरफा में प्यार में की थी हत्या
वारदात सामने आते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि नर्स की हत्या उसके ही रिश्ते में लगने वाले मौसी के बेटे सुशील चढ़ार ने की है। आरोपी ने एकतरफा प्यार में हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। वह नर्स से प्रेम करता था और शादी करना चाहता था। आरोपी की शिनाख्त होते ही पुलिस ने तलाश शुरू की। शाहगढ़ के आसपास के जंगलों में आरोपी सर्चिंग की गई। जबलपुर पुलिस टीम पहुंची और आरोपी के घर और रिश्तेदारों के घरों पर दबिश दी। लेकिन आरोपी नहीं मिला। पिछले सात दिनों से सागर पुलिस और जबलपुर की पाटन, पनागर थाना पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। लेकिन आरोपी सुशील गिरफ्त में नहीं आ सका है। ये खबर भी पढ़े- सागर में मौसेरे भाई ने की थी नर्स की हत्या:एकतरफा प्यार में 3 गोलियां चलाईं; इनमें से दो पीठ को चीरकर दिल तक पहुंचीं


