शहर के बीचोबीच कचहरी चौक स्थित रजिस्ट्री ऑफिस के पास की सड़क देर रात अपराध का अड्डा बन जाती है, जहां खुलेआम सेक्स वर्करों का रोज जमावड़ा लगता है। बाइक-कारों की आवाजाही, सड़क किनारे शराबखोरी, राहगीरों से बदसलूकी और विरोध पर हंगामा-सब कुछ पुलिस की जानकारी में बेखौफ होता है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी भी इस गली में जाने से कतराती है। सेक्स वर्कर (कई ट्रांसजेंडर) पूरी रात अंधेरे में सड़क किनारे अपने गुर्गों के साथ बैठकर शराब भी पीती हैं। वहां से आने-जाने वाले इक्का-दुक्का लोग अगर अपनी गाड़ी रोक दे तो उन्हें परेशान किया जाता है। इसका विरोध करने पर वे मारपीट पर उतारू हो जाती हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की सुस्त कार्यशैली से सेक्स वर्कर हावी होती जा रही हैं। इनकी एक-दो टुकड़ी रात में शहर की अन्य सड़कों पर भी घूमती है और रात में चलनेवाले लोगों के साथ छेड़छाड़ करती है। मसलन, हरमू रोड से मेन रोड तक देर रात सेक्स वर्करों की आवाजाही रहती है। बड़ी घटना होने के बाद वे अचानक शहर से गायब हो जाती हैं। मामला ठंडा पड़ने पर फिर सक्रिय हो जाती हैं। पहले भी हो चुकी है ऐसी घटनाएं…
12 दिसंबर 2025 : सेक्स वर्करों ने कचहरी चौक से पार हो रहे एक फोटो जर्नलिस्ट के साथ मारपीट की थी। फोटो खींचे जाने के शक में उसका कैमरा तोड़ दिया था। फोटो जर्नलिस्ट ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई थी। 23 नवंबर 2025 : अरगोड़ा चौक स्थित एक बार में सेक्स वर्करों ने अपने साथ छेड़खानी करने का आरोप लगाकर हंगामा किया था। वहां मारपीट भी हुई थी आैर सड़क जाम भी किया था। पुलिस ने लाठी चार्ज कर सबको हटाया था। 3 दिसंबर 2025 : हरमू रोड में दो गुट क्षेत्र के बंटवारे को लेकर भिड़ गए थे। दोनों गुटों ने एक दूसरे पर नाम खराब करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। मांडर और कोतवाली थाने में दर्ज हुई एफआईआर पहली प्राथमिकी कोतवाली थाने में प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक कुमार के बयान पर इश्तियाक अंसारी आैर गुरफान के खिलाफ दर्ज की गई है। दूसरी प्राथमिकी पुलिस के बयान पर मांडर थाने में उक्त दोनों आरोपी के खिलाफ दर्ज हुई है। मारपीट में जख्मी सेक्स वर्कर फरार, फोन स्विच ऑफ कचहरी चौक के पास देर रात हुई मारपीट में एक सेक्स वर्कर का पैर टूट गया है। प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक ने बताया कि कार सवार बदमाश सेक्स वर्कर को अपनी गाड़ी में बैठाने का प्रयास कर रहे थे। घायल सेक्स वर्कर को इलाज कराने के नाम पर उसके सहयोग ले गए। अब उसका फोन स्विच ऑफ है। रात में सजी थी महफिल, जमावड़ा होने पर बढ़ा विवाद नौ फरवरी की देर रात भी कचहरी चौक पर सेक्स वर्करों की महफिल सजी थी। नामकुम निवासी अभिषेक कुमार ने बताया कि बंटी दो बाइक से अपने पांच दोस्तों के साथ रात करीब 2 बजे कचहरी चौक पहुंचा। सभी सुनसान सड़क में रुके। तभी वहां कार से पहुंचे दो बदमाशों से उनका विवाद हुआ। बदमाश जब मारपीट करने लगे तो बंटी के दोस्त आयूष, आदित्य, विकास और एक अन्य भाग खड़े हुए। लेकिन, बंटी को दोनों बदमाशों ने पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। अधमरा करने के बाद बंटी को अपनी कार की डिक्की में डालकर रातू रोड की आेर भागे। इसकी जानकारी बंटी के दोस्तों ने पुलिस को दी। पुलिस सक्रिय हुई तो नागाबाबा खटाल के पास बंटी को फेंककर कार सवार दोनों युवक भाग गए। सभी बंटी को लेकर अस्पताल पहुंचे। बंटी बीसीए का छात्र है और नामकुम में किराए के घर में रहता है।


