टीकमगढ़ के मातृधाम छिपरी में सात दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन चल रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार रात बुंदेली कलाकार मुस्कान प्रजापति ने भजनों की प्रस्तुति दी। इससे पहले दोपहर में वृंदावन धाम से आईं साध्वी पीतांबरा ने श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कराया। संत श्री रविशंकर महाराज रावतपुरा सरकार के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भागवत कथा सुनने और सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने पहुंच रहे हैं। कथावाचक बोले-भागवत कोई साधारण ग्रंथ नहीं, बल्कि वह अमृत है व्यासपीठ से कथावाचक पीतांबरा दीदी ने अपने प्रवचनों में कहा कि भागवत कोई साधारण ग्रंथ नहीं, बल्कि वह अमृत है जो स्वयं भगवान के श्रीमुख से निकला है। उन्होंने श्रोताओं को चुगलखोरों से दूर रहने का संदेश दिया। सायंकालीन सत्र में भजन गायिका मुस्कान प्रजापति की भक्तिमय प्रस्तुतियों ने मातृधाम छिपरी के वातावरण को शिवमय कर दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते दिखाई दिए। 15 फरवरी को इंडियन आइडल पवनदीप राजन देंगे प्रस्तुती यह उत्सव 9 से 15 फरवरी तक चलेगा। इसमें प्रतिदिन दोपहर में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा, जबकि शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। आज 11 फरवरी को रवि अहिरवार और 12 फरवरी को जितेंद्र कुमार चौरसिया अपनी टीम के साथ कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। 13 फरवरी को कविता शर्मा अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। महोत्सव के दौरान 14 फरवरी को भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा भजनों की प्रस्तुति देंगे। महाशिवरात्रि के दिन, यानी 15 फरवरी को सुबह 6 बजे से शिवार्चन का आयोजन किया जाएगा। इसी शाम इंडियन आइडल फेम पवनदीप राजन अपनी भजनों की प्रस्तुति देंगे।


