सतना जिले के चित्रकूट स्थित बरौंधा वन परिक्षेत्र के केल्हौरा गांव में मंगलवार को एक बुजुर्ग किसान पर जंगली भालू ने हमला कर दिया। खेत में काम कर रहे किसान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मझगवां अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, केल्हौरा गांव निवासी 50 वर्षीय रामकिशोर मवासी सुबह करीब 10 बजे अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पास के जंगल से आए एक जंगली भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। भालू ने अपने पंजों और दांतों से उनके हाथ और पैर पर वार किया, जिससे रामकिशोर जमीन पर गिर पड़े और लहूलुहान हो गए। किसान की आवाज सुनकर ग्रामीण पहुंचे रामकिशोर की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की आवाज और हलचल देखकर भालू कुछ देर बाद जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने तत्काल घायल किसान को मझगवां अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि रामकिशोर के हाथ और पैर में गहरे घाव हैं और कई स्थानों पर टांके लगाए गए हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है, हालांकि फिलहाल उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है। इस घटना के बाद केल्हौरा सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से जंगल के आसपास भालुओं की आवाजाही बढ़ी है, लेकिन ऐसा जानलेवा हमला पहली बार हुआ है। वन विभाग को घटना की जानकारी दे दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और क्षेत्र में टीम भेजकर भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।


