पंजाब के तलवाड़ा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने के लिए पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद सरदार हरभजन सिंह ने कोशिशें तेज कर दी हैं। बजट सत्र के दौरान, उन्होंने केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर तलवाड़ा में PGI सैटेलाइट सेंटर स्थापित करने की मांग रखी। मुलाकात के दौरान हरभजन सिंह ने जोर देकर कहा कि तलवाड़ा की भौगोलिक स्थिति ऐसी है जहां पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की सीमाएं मिलती हैं। यहां एक अत्याधुनिक PGI सैटेलाइट सेंटर खुलने से न केवल पंजाब के कंडी क्षेत्र के लोगों को फायदा होगा, बल्कि पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी इलाज के लिए चंडीगढ़ या बड़े शहरों तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। संसद से सड़क तक जारी है संघर्ष हरभजन सिंह ने बताया कि, वे पहले भी राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान तलवाड़ा में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं और PGI सैटेलाइट सेंटर की आवश्यकता पर आवाज उठा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मिशन को बीच में नहीं छोड़ेंगे। कहा कि जब तक तलवाड़ा में PGI सैटेलाइट जैसी बड़ी स्वास्थ्य संस्था की स्थापना सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक मेरा प्रयास और संघर्ष जारी रहेगा। इलाके की पुरानी मांग और प्राथमिकता तलवाड़ा और आसपास के पिछड़े इलाकों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की भारी कमी है। गंभीर स्थिति में मरीजों को घंटों का सफर तय करना पड़ता है, जो कई बार जानलेवा साबित होता है। हरभजन सिंह का मानना है कि केंद्र सरकार अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है, तो यह उत्तर भारत के स्वास्थ्य ढांचे के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। सकारात्मक आश्वासन की उम्मीद केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ हुई यह बैठक काफी सकारात्मक रही। सांसद ने उन्हें क्षेत्र की जमीनी हकीकत और लोगों की परेशानियों से अवगत कराया। उम्मीद जताई जा रही है कि केंद्र सरकार इस जनहित के मुद्दे पर जल्द ही कोई ठोस कदम उठाएगी।


