जालंधर में एक पिता ने अपने 6 साल के बेटे का ही मर्डर कर दिया। पिता ने दूर की रिश्तेदारी में दामाद को फंसाने के लिए बेटे को कीटनाशक पिला दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि दामान ने उसके खिलाफ चोरी की शिकायत दी थी।
शिकायत के चलते वह दामाद से गुस्सा था। उसे फंसाने के लिए बेटे को कीटनाशक पिलाकर बेहोश करना था, लेकिन उसकी मौत हो गई। आरोपी की पहचान गजेंद्र मुखिया (35) के रूप में हुई है। थाना पतारा में उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बोली-बेटे को बेहोश करने के इरादे से दिया जहर थाना पतारा पुलिस ने बताया कि गजेंद्र ने यह सोचकर बेटे को कीटनाशक दिया था कि वह केवल बेहोश होगा। उसका मकसद रिश्तेदारी में दामाद लगने वाले एक युवक को इस मामले में फंसाना था। कुछ समय पहले उस युवक ने गजेंद्र पर पायल चोरी का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिससे गजेंद्र नाराज था और बदला लेना चाहता था।
बिहार के मधेपुरा की रहने वाली है फैमिली
मृतक बच्चे की मां ममता (32) ने बताया कि वे मूल रूप से बिहार के मधेपुरा के निवासी हैं और वर्तमान में गांव हजारा में रह रहे थे। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें रूपेश मंझला बेटा था। 6 फरवरी की देर शाम ममता रसोई में खाना बना रही थीं, तभी रूपेश उनके पास दो बिस्कुट लेकर आया। एक बिस्कुट खाते हुए उसने मां से कहा- मां पापा ने हमें दवा पिला दी।
उल्टियां करने लगा तो सिविल अस्पताल पहुंचाया
इससे पहले कि ममता कुछ समझ पातीं, रूपेश को उल्टियां शुरू हो गईं। बिस्कुट पर कोई चिपचिपा पदार्थ लगा हुआ था। घबराई ममता तुरंत अपने पिता भुल्लर मुखिया के पास पहुंचीं और बेटे को सिविल अस्पताल ले गईं। तब तक बच्चा बेहोश हो चुका था। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अमृतसर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मां ने थाने में जाकर दी जानकारी
सोमवार को गांव के सरपंच रजिंदर सिंह के साथ ममता पतारा थाना पहुंचीं और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने गजेंद्र मुखिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ राम किशन ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।


