SECLके खदान से संगठित कोयला चोरी, VIDEO:सरगुजा में अमेरा खदान में घुसकर 300 से अधिक ग्रामीण रोज निकाल रहे 100 टन कोयला

सरगुजा जिले में SECL के अमेरा खदान से बड़े पैमाने पर कोयले की चोरी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अमेरा खदान में कई दिनों से रोज करीब 300 से अधिक की संख्या में महिला-पुरूष घुसकर बोरों में भरकर कोयला निकाल रहे हैं। SECL के सुरक्षाकर्मियों पर पूर्व में ग्रामीण हमला कर चुके हैं, इसके कारण सुरक्षाकर्मी भी कुछ कर पाने की स्थिति में नहीं हैं। मामले में सरगुजा एएसपी ने कहा कि अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में संचालित SECL की अमेरा खदान में घुसकर बड़ी संख्या में ग्रामीण रोज कोयला चोरी कर रहे हैं। ग्रामीण खदान के फेस तक पहुंचकर SECL द्वारा निकाले गए कोयले को बोरों में भरकर बाहर ले जाते हैं। बाहर से साइकिल एवं बाइक से कोयला गांवों तक पहुंचा दिया जाता है। अनुमान के मुताबिक प्रतिदिन करीब 100 टन तक कोयले की चोरी हो रही है। हमले के डर से सुरक्षाकर्मी मौन
खदान की सुरक्षा में तैनात कर्मियों द्वारा कोयला चोरी करने वाले ग्रामीणों को रोकने पर ग्रामीणों द्वारा उनपर हमला किए जाने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। इसके कारण सुरक्षाकर्मी भी सहमे रहते हैं।
रोज हो रही कोयला चोरी से SECL को भी लाखों का नुकसान हो रहा है। बताया गया है कि ग्रामीणों द्वारा चोरी का कोयला स्थानीय स्तर पर ईंट भट्ठों में बेचा जा रहा है। वहीं कुछ कोयला बाहर भी तस्करी कर भेजा जा रहा है। कोयला चोरी को लेकर पूर्व में पुलिस के द्वारा अभियान चलाकर कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस से मांगी गई है मदद-जीएम
SECL विश्रामपुर के जीएम डा. संजय सिंह ने कहा कि ग्रामीण दादागिरी से खदान में घुसकर कोयला चोरी कर रहे हैं। कोयला चोरी रोकने पर सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट की जाती है। कोयला चोरी रोकने के लिए सरगुजा एसपी से चर्चा की गई है। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों को कोयला चोरी न करने की समझाइश दी गई है, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हैं। अभियान चला की जाएगी कार्रवाई-ASP
सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। पूर्व में भी पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की थी। पुलिस द्वारा कोयला चोरी रोकने के लिए अभियान चला कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *