लुधियाना जिले में खन्ना की मीट मार्केट बस्ती में ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत पुलिस की एक मानवीय पहल देखने को मिली। यह बस्ती नशा तस्करी के लिए बदनाम है। इस दौरान खन्ना की एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने स्वयं लोगों को नशे से दूर रहने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उनका उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में विश्वास जगाना था। अभियान के दौरान एक बच्चा दौड़कर एसएसपी के पास आया। डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बिना किसी झिझक के उसे अपनी गोद में उठा लिया। उन्होंने बच्चे को स्नेहपूर्वक गोद में लिए हुए वहां मौजूद लोगों से बातचीत की और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में समझाया। इस घटना ने वहां उपस्थित लोगों पर गहरा प्रभाव डाला, जिससे पुलिस के प्रति सकारात्मक धारणा बनी। सोशल मीडिया पर पुलिस की पहल की सराहना एसएसपी की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। लोगों ने इस मानवीय पहल की सराहना की। हजारों सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि ऐसी संवेदनशील सोच और जमीनी स्तर पर काम करने वाली नेतृत्व क्षमता से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। कई लोगों ने इसे नशे के खिलाफ लड़ाई में एक नई उम्मीद बताया। इस अवसर पर एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने कहा कि नशा केवल कानून व्यवस्था की समस्या नहीं, बल्कि एक सामाजिक बीमारी है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस, प्रशासन और समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर ध्यान देने, उनसे बात करने और सही मार्गदर्शन देने की अपील की। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रोजगार की ओर बढ़ने का आह्वान किया।


