युवा राइडर विजयराज ने जीता टेंट पेगिंग खिताब:मारवाड़ हॉर्स शो में घोड़े जॉर्डन संग शानदार प्रदर्शन

जोधपुर में ऑल इंडिया मारवाड़ी हॉर्स सोसाइटी (AIMHS) द्वारा आयोजित 11वें मारवाड़ हॉर्स शो 2026 का दो दिवसीय भव्य आयोजन संपन्न हुआ। महाराजा गजसिंह स्पोर्ट्स फाउंडेशन पोलो ग्राउंड में हुए इस कार्यक्रम में देशभर से सैकड़ों मारवाड़ी घोड़े और अश्व प्रेमी शामिल हुए, जिससे यह आयोजन यादगार बन गया।
इस आयोजन के दौरान हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवा घुड़सवार विजयराज ने “टेंट पेगिंग प्रतियोगिता” का खिताब जीता। उनके घोड़े “जॉर्डन” की तेज गति, संतुलित नियंत्रण और विजयराज के साथ अद्भुत तालमेल ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय रही। कार्यक्रम के दौरान मारवाड़ के पूर्व नरेश महाराजा गजसिंह ने विजयराज और उनके घोड़े जॉर्डन को सम्मानित किया। विजयराज ने इस क्षण को अपने जीवन का गौरवपूर्ण पल बताया।
विजयराज की यह पहली उपलब्धि नहीं है। उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित 40 किलोमीटर एंड्यूरेंस रेस में “बेस्ट राइडर ऑफ द 2022” के पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वह नेशनल एंड्यूरेंस रेस के राष्ट्रीय चैंपियन भी रह चुके हैं, जहां उनके घोड़े जॉर्डन ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी। विजयराज मारवाड़ी नस्ल के घोड़ों को हॉर्स स्पोर्ट्स जैसे एंड्यूरेंस, टेंट पेगिंग, जंपिंग और ड्रेसाज के लिए प्रशिक्षित करते हैं। विशेषज्ञ उनकी प्रशिक्षण शैली और घोड़ों के साथ उनकी समझ को अत्यंत प्रभावशाली मानते हैं।

स्थानीय अश्व प्रेमियों का कहना है कि विजयराज मारवाड़ी घोड़ों को घुड़सवारी के विभिन्न खेलों में आधुनिक पहचान दिला रहे हैं। उनके प्रदर्शन से युवाओं में भी घुड़सवारी के प्रति रुचि बढ़ रही है। जोधपुर आयोजन में उनकी इक्वेस्ट्रियन टीम में हॉर्स एक्सपर्ट डॉ. प्रभजिंदरसिंह मान, प्रधुमनसिंह हुडिल, केयर टेकर रामसा और राकेश गोस्वामी शामिल थे। विजयराज ने बताया कि उनका लक्ष्य भविष्य में मारवाड़ी घोड़े को घुड़सवारी के विभिन्न खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करवाना और घुड़सवारी में विश्व रिकॉर्ड स्थापित करना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *