अलवर जिले में फैक्ट्रियों से ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से करीब तीन क्विंटल कॉपर तार और चोरी में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि यह कार्रवाई उद्योग नगर थाना पुलिस ने की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एमआईए औद्योगिक क्षेत्र में लगातार ट्रांसफार्मरों से कॉपर तार चोरी किया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी मदद से आरोपियों को पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग फैक्ट्रियों में चोरी करते थे। रात के समय ट्रांसफार्मर के अंदर से कॉपर तार निकालकर चोरी किया जाता था और उसे गैंग के अन्य लोगों के साथ मिलकर बेच दिया जाता था। यह एक इंटर-स्टेट गैंग है, जिसमें चार आरोपियों के अलावा अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी अभी बाकी है। 5 कंपनियों ने दर्ज कराया था मुकदमा 5 जनवरी को आरजी एग्रो फूड फैक्ट्री, 14 जनवरी को सनमति मार्बल्स फैक्ट्री, 20 जनवरी को एचबी मार्बल्स फैक्ट्री, 24 जनवरी को गौरव केमिकल मिनरल फैक्ट्री और 30 जनवरी को माइक्रोन इंडिया फैक्ट्री से ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने इस गैंग के चार मुख्य आरोपी बलविन्द्र सिंह, गुरविन्दर सिंह, सोनू और हरजीत उर्फ रणजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी ग्रामीण इलाकों में भी ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातें करते थे। आरोपी दिन में फैक्ट्री इलाकों की रेकी करते थे और रात में ट्रांसफार्मर से कॉपर तार काटकर चोरी करते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में और भी चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने बख्तल की चौकी पर 3 कॉन्स्टेबल एक्स्ट्रा लगा दिए हैं।


