भास्कर न्यूज | प्रतापपुर प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम धरमपुर में नवनिर्मित शिव-गौरी मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा और शिव महापुराण कथा का आयोजन 9 फरवरी से प्रारंभ हो गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को विधि-विधान के साथ निकाली गई कलश यात्रा से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा के दौरान पूरा गांव भगवान शिव और माता गौरी के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया। ग्राम धरमपुर में श्री गौरी शंकर सेवा समिति ने सार्वजनिक सहयोग से शिव-गौरी मंदिर का भव्य निर्माण कराया गया है। मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर 9 से 15 फरवरी तक विविध धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। कलश यात्रा के बाद मंडप प्रवेश और प्रथम गणेश पूजन संपन्न किया। 10 फरवरी को देव अधिवास, 11 को प्राण-प्रतिष्ठा, 14 को महारुद्राभिषेक और 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर शिव पूजन, हवन और महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक पूजन-अनुष्ठान और दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक शिव महापुराण कथा का वाचन किया जाएगा। शिव महापुराण कथा का वाचन वृंदावन से पधारे विद्वान कथावाचक आनंद जी महाराज कर रहे हैं। कार्यक्रम में कुलपुरोहित कृपालनाथ महाराज, यज्ञाचार्य वाराणसी के अंकित तिवारी, अखिलेश शास्त्री, विपुल महाराज, अभिषेक दुबे व पुष्पक तिवारी ने वैदिक विधि से सभी अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम के प्रथम दिन श्री गौरी शंकर सेवा समिति के सदस्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।


