कोंडागांव जिले के पलारी स्थित राउत पारा में कांग्रेस पार्टी का ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान ब्लॉक, शहर मंडल और सेक्टर के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पदभार ग्रहण किया। हाल ही में एआईसीसी और पीसीसी ने ब्लॉक, शहर मंडल और सेक्टर के नए पदाधिकारियों की सूची घोषित की थी। इस सूची में कोंडागांव ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में संजय करन और शहर अध्यक्ष के रूप में नरेंद्र देवांगन का नाम शामिल किया गया। शहर मंडल से इरशाद खान और योगेंद्र पोयाम को मंडल अध्यक्ष बनाया गया। वहीं कोंडागांव ग्रामीण क्षेत्र से भंवर कौशल, सेवक दीवान, पीलाराम बघेल, लखमू कोर्राम, सहदेव पोयाम और योगेंद्र राठौर को मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सेक्टर प्रमुखों की भी घोषणा की गई थी। मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आमजन, गरीब, मजदूर और किसानों की पार्टी है। कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहे या विपक्ष में, गरीब, मजदूर, किसान और आदिवासी समाज की आवाज उठाने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती रही है। मोदी सरकार और साय सरकार पर साधा निशाना मोहन मरकाम ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की साय सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इन सरकारों की नीतियों से आमजन परेशान हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया और आरोप लगाया कि भाजपा शासन के दो वर्षों में विकास कार्य लगभग ठप रहे हैं और कोई नया काम नजर नहीं आ रहा है। ग्राम पंचायतों की अनदेखी का आरोप मरकाम ने कहा कि देश की सबसे बड़ी आबादी गांवों में रहती है, लेकिन साय सरकार ग्राम पंचायतों की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को एक साल से अधिक समय बीत चुका है, फिर भी पंचायत प्रतिनिधियों को ग्राम विकास के लिए एक भी काम स्वीकृत नहीं किया गया है। भाजपा समर्थित सरपंच के इस्तीफे का भी जिक्र मोहन मरकाम ने एक भाजपा समर्थित सरपंच के इस्तीफे का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार के रवैये से नाराज होकर उसे यह कदम उठाना पड़ा। मरकाम का दावा- छत्तीसगढ़ में फिर बनेगी कांग्रेस सरकार मोहन मरकाम ने कहा कि सरकार की कार्यशैली से सभी वर्गों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। कार्यकर्ताओं से किया जन-जागरण का आह्वान मोहन मरकाम ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की वादाखिलाफी और भाजपा के “असली चाल, चरित्र और चेहरा” को जनता तक पहुंचाएं।उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी के अंतर को उजागर करना जरूरी है, ताकि जनता सच्चाई समझ सके।


