धमतरी नगरीय निकाय में थोड़ी देर में मतगणना शुरू हो जाएगी। जिले के 6 निकायों पर इस साल 76.10 प्रतिशत मतदान हुआ है। धमतरी नगर निगम में 70.69% मतदान हुआ। नगर पंचायत में सबसे अधिक वोट भखारा में 92.63 प्रतिशत देखने को मिला। नगर पंचायत आमदी में 89.47%, नगर पंचायत कुरूद में 82.66%, नगर पंचायत मगरलोड में 89.43%, और नगर पंचायत नगरी में 83.41% मतदान दर्ज किया गया। सुबह 9 बजे सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती शुरू होगी। इसके बाद करीब 9.30 बजे से EVM के वोट गिने जाएंगे। सबसे पहले महापौर के नतीजे घोषित होंगे, इसके बाद पार्षदों के नामों का ऐलान होगा। मतगणना केंद्र में ये चीजें हैं बैन निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक मतगणना स्थल में एजेंट या कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रानिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, आईपेड, लैपटॉप, स्मार्ट वॉच जैसे गैजेट लेकर भीतर नहीं जा सकते। धमतरी नगर निगम में महापौर सहित कुल 40 वार्डों के 135 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। इस दौरान कुल 40 वार्डों के 83 मतदान केंद्रों पर 73,033 वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। धमतरी में इस बार का मेयर चुनाव बगैर कांग्रेस प्रत्याशी के हो रहा है, जो इसे और भी दिलचस्प बना रहा है। महापौर पद के लिए 8 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां कांग्रेस मेयर प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन निरस्त कर दिया गया। जिसकी वजह से यहां का मुकाबला रोचक हो गया है। वहीं वार्ड पार्षद के लिए 127 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। धमतरी नगर निगम


