एथेनॉल फैक्ट्री विरोध में महापंचायत शुरू:तलवाड़ा धान मंडी में ग्रामीण मांगों पर अड़े, सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप

हनुमानगढ़ के तलवाड़ा धान मंडी में राठीखेड़ा में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में महापंचायत शुरू हो गई है। सुबह से ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, महिलाएं और युवा महापंचायत स्थल पर पहुंचने लगे थे, और लोगों का आना लगातार जारी है। संघर्ष समिति के आह्वान पर आयोजित इस महापंचायत में ग्रामीणों ने अपनी मांगों पर अड़े रहने का संकल्प दोहराया है। उनकी मुख्य मांगें फैक्ट्री का एमओयू रद्द करना और किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेना हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक इन मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मंच से वक्ताओं ने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई वार्ता में प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासनों पर अब तक कोई अमल नहीं हुआ है, जिससे ग्रामीणों में रोष है।
महापंचायत स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जिला प्रशासन ने पहले ही आमजन से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। सोशल मीडिया पर रेल रोकने और चक्का जाम की चर्चाओं के मद्देनजर प्रशासन विशेष रूप से सतर्क है। संघर्ष समिति के नेताओं ने मंच से स्पष्ट किया कि आंदोलन लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जाएगा। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई, तो आगे की रणनीति तय की जाएगी। तलवाड़ा धान मंडी में चल रही इस महापंचायत पर पूरे क्षेत्र की निगाहें टिकी हुई हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *