रामानुजगंज में विशाल कलश यात्रा, उमड़ा जनसैलाब:पांच दिवसीय ज्ञानोत्सव का भव्य शुभारंभ, हजारों श्रद्धालु शामिल

रामानुजगंज में पांच दिवसीय ज्ञानोत्सव का भव्य शुभारंभ विशाल कलश यात्रा के साथ हुआ। ज्ञान यज्ञ परिवार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर हजारों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण निर्मित किया। कलश यात्रा राम मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए गायत्री मंदिर में संपन्न हुई। नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। यह विशाल धार्मिक आयोजन लंबे समय बाद नगर में हो रहा है, जिसे लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। आयोजन के तहत 12 फरवरी से 16 फरवरी तक प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से 11:00 बजे तक गायत्री यज्ञ शाला में वैदिक यज्ञ संपन्न होगा। वहीं, प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक विजय कौशल जी महाराज के कृपा पात्र शिष्य आचार्य बलदेव कृष्ण जी के श्रीमुख से श्रीमद् भागवत चरित्र अमृत कथा का वाचन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, प्रतिदिन शाम 6:00 बजे से स्वामी डॉक्टर त्याग मूर्ति जी की अमृतवाणी में आध्यात्मिक ज्ञान गंगा का प्रवचन आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर पूर्व से ही व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं। कलश यात्रा के दौरान मौलिक विचारक एवं चिंतक बजरंग मुनि, नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, कन्हैया लाल अग्रवाल, अजय सोनी, एसपी निगम, प्रदीप अग्रवाल, अजय गुप्ता, संतोष गुप्ता सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस पांच दिवसीय ज्ञानोत्सव से नगर का वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *