राजनांदगांव के रेवाडिह स्थित सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल एकेडमी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘राजनांदगांव बास्केटबॉल लीग’ का समापन हो गया। 6 से 8 फरवरी तक चले इस आयोजन में 25 टीमों के नन्हे खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। लीग के आयोजक और आयोजन समिति के अध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि राजनांदगांव को देश भर में बास्केटबॉल की नर्सरी के रूप में जाना जाता है। इस लीग का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल के प्रति रुचि विकसित करना और उन्हें जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना है। प्रतियोगिता में 8 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता के परिणाम रोमांचक रहे, जिसमें खिलाड़ियों ने अंतिम क्षण तक संघर्ष किया। विभिन्न श्रेणियों के विजेता इस प्रकार रहे 10 वर्ष से कम बालक वर्ग में सर्वज्ञ टीम विजेता रही, अथर्व रॉकेट्स ने दूसरा और रीबा की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी आयु वर्ग की बालिका श्रेणी में तृप्ति विजार्ड्स ने पहला, गेम फाइटर्स ने दूसरा और वाइल्ड कैट्स ने तीसरा स्थान हासिल किया। 12 वर्ष से कम बालक वर्ग में रीबा टीम ने जीत दर्ज की, जबकि नाबा टीम उपविजेता रही। 12 वर्ष से कम बालिका वर्ग में वाइल्ड कैट्स विजेता बनी और हूपर्स टीम दूसरे स्थान पर रही। 16 वर्ष से कम बालक वर्ग में रॉयल टाइगर्स और सर्वज्ञ टीम ने अपने-अपने समूहों में जीत हासिल की।
समापन समारोह में पूजा गोयल ने कहा कि इन नन्हे खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने बास्केटबॉल की नर्सरी के नाम को सार्थक किया है। मेघा खंडेलवाल ने राव दंपत्ति की प्रशंसा करते हुए कहा कि रेवाडिह जैसे ट्राइबल वार्ड में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराना एक बड़ी उपलब्धि है। अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक कालवा राजेश्वर राव ने बताया कि 2001 में यहां केवल एक जर्जर मैदान था, जबकि आज 20 से अधिक कोर्ट उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक राजनांदगांव के 1000 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं।


