फाजिल्का जिले की अबोहर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 5 किलोग्राम चूरा पोस्त और 27 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पहली कार्रवाई में, हवलदार जगजीत सिंह अपनी टीम के साथ अजीत नगर में गश्त कर रहे थे। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि धर्मनगरी गली नंबर 8 निवासी सोमा बाई और उसका पति सुखदेव सिंह बाहर से चूरा पोस्त लाकर बेचते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर सोमा बाई को 5 किलोग्राम चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसका पति सुखदेव सिंह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई दूसरी घटना फाजिल्का रोड पर हुई, जहां हवलदार जगजीत सिंह ने नाकाबंदी की थी। मुखबिर की सूचना पर एक बाइक सवार, जिसकी पहचान सीडफार्म पक्का निवासी गुरभेज सिंह उर्फ भेज के रूप में हुई, को रोका गया। तलाशी लेने पर गुरभेज सिंह के पास से 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 61, 85 के तहत मामला दर्ज किया। तीसरी कार्रवाई में, हवलदार मनजिंदर सिंह भारत माला प्रोजेक्ट के तहत बने पुल के पास गश्त कर रहे थे। उन्होंने एक संदिग्ध स्विफ्ट कार देखी, जिसमें बैठा एक युवक सिल्वर पन्नी पर नशा कर रहा था। पुलिस ने कार की तलाशी ली और युवक के पास से 20 ग्राम हेरोइन बरामद की। पकड़े गए युवक की पहचान सीडफार्म पक्का निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ रिम्पी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 27, 61, 85 के तहत केस दर्ज किया गया है।


