शादी के 8 महीने बाद युवती लापता:भिवानी में मां बोली- दामाद संग सेना के क्वार्टर में रहती थी, अधिकारियों से बोला- पत्नी अमेरिका गई

हरियाणा में भिवानी की एक युवती लापता हो गई है। युवती की 8 महीने पहले ही शादी हुई थी। उसकी मां ने आरोप लगाया है कि दामाद सेना में है। बेटी उसी के साथ सेना के क्वार्टर में रहती थी। पिछले 15 दिनों से बेटी का मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है और दामाद भी बात नहीं करा रहा है। परिवार के मुताबिक, सेना के अधिकारियों ने फोन करके बताया कि दामाद ने रेजिमेंट में यह जानकारी दी है कि उसकी पत्नी अमेरिका चली गई है, जिसके बाद से दामाद भी गायब है। उनके पास एक वीडियो आया है, जिसमें बेटी एक कार में बेहोशी की हालत में दिख रही है। परिवार ने बेटी को बंधक बनाने के आरोप लगाए हैं। बहल थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जानिए महिला ने शिकायत में क्या कहा… श्रीगंगानगर में सेना के क्वार्टर में रहते थे बहल थाने में रोढ़ा गांव की रहने वाले सुशीला ने शिकायत देकर कहा कि उनकी बेटी मन्नत की शादी 28 मई 2025 को भिवानी के ही सेहर गांव के रहने वाले अतुल के साथ हुई थी। अतुल भारतीय सेना में है। उसकी ड्यूटी राजस्थान के श्रीगंगानगर में है। शादी के बाद अतुल और मन्नत सेना के क्वार्टर में रहने लगे। दामाद घर आकर गहने ले गया सुशीला ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले अतुल छुट्टी पर आया और मन्नत के सोने-चांदी के गहने यह कहकर अपने घर ले गया कि सेना क्षेत्र में गहने पहनने की अनुमति नहीं है और चोरी का डर है। इसके बाद सुशीला को शक होने लगा क्योंकि जब भी वे फोन करतीं, अतुल अलग-अलग बहाने बनाता और मन्नत से सीधे बात नहीं कराता था। 26 जनवरी को बेटी से आखिरी बार बात महिला ने बताया कि 26 जनवरी 2026 सुबह 9:30 बजे मन्नत से आखिरी बार बात हुई। उसके बाद उसका फोन बंद आने लगा। परिवार के पास एक वीडियो आया जिसमें एक युवती कार में गाने पर रील बना रही है, पीछे मन्नत बेहोशी की हालत में दिख रही है। यह वीडियो पहाड़ों पर बर्फबारी के बीच बनाया गया है। रेजिमेंट ने बताया- बेटी अमेरिका गई 29 जनवरी 2026 को अतुल ने फोन पर कहा कि मन्नत सुरक्षित है और उसके साथ है, लेकिन बाद में सेना की रेजिमेंट को बताया कि मन्नत अमेरिका चली गई है। जब रेजिमेंट ने सबूत मांगा तो वह कोई प्रमाण नहीं दे पाया। इसके बाद रेजिमेंट ने सुशीला को सलाह दी कि वे अपने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराएं। बहल थाना SHO संजय ने बताया कि हमने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। हमारी टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं, प्रयास है कि जल्द ही युवती का पता चल जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *