कोडरमा के तिलैया देवी मंडप रोड स्थित शीतला मंदिर के पास 34 वर्षीय पिंटू कुशवाहा ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पिंटू की भाभी के अनुसार, शुक्रवार को वह शराब पीकर अपने कमरे में सो गया था। काफी देर तक कमरे से नहीं निकलने पर जब खिड़की से देखा गया तो वह पंखे से लटका हुआ मिला। पत्नी से हुई थी अनबन मृतक के भाई नरेश कुशवाहा ने बताया कि पिंटू की शादी 2019 में तिलैया डैम के पास कांटी गांव की रहने वाली चुनचुन देवी से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद से दोनों में अनबन शुरू हो गई। परिवार ने कई बार सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। करीब दो महीने पहले मामला थाने तक पहुंच गया, जहां पिंटू की पत्नी ने अलग रहने का फैसला करते हुए मायके चली गई। इसके बाद से पिंटू मानसिक तनाव में था। निःसंतान पिंटू की मौत से उसकी मां का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया सूचना मिलते ही तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


