धौलपुर ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल, खुर्द में बुधवार को इटली से आए एक प्रतिनिधिमंडल ने दौरा किया। ग्रामीण परिवेश में शिक्षा व्यवस्था को समझने और विद्यार्थियों के साथ वैश्विक दृष्टिकोण साझा करने के उद्देश्य से पहुंचे इन विदेशी मेहमानों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार तिलक, माला और साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ एक विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। इटली के मेहमानों ने बच्चों को सफलता के लिए जिज्ञासा, निरंतरता और आत्मविश्वास को ‘त्रिसूत्रीय गुरुमंत्र’ बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में दुनिया सिमट चुकी है और यदि बच्चे मेहनत के साथ तकनीकी ज्ञान हासिल करें, तो वे छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। संवाद के दौरान बच्चों ने भी झिझक छोड़कर मेहमानों से इटली की संस्कृति, खान-पान और शिक्षा प्रणाली के बारे में सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने अपनी सीमित अंग्रेजी और संकेतों के माध्यम से संवाद स्थापित किया, जिससे मेहमान काफी प्रभावित हुए। उन्होंने बच्चों को वैश्विक नागरिक बनने और शिक्षा को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। स्कूल के शिक्षक विवेक शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए यह एक दुर्लभ और प्रेरणादायक अवसर था। विदेशी मेहमानों के आगमन से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ा है और उन्हें यह अनुभव हुआ है कि शिक्षा के माध्यम से वे पूरी दुनिया से जुड़ सकते हैं। कार्यक्रम में प्रिंसिपल लोकेन्द्र प्रसाद, रामशंकर, अनिल कुमार, शर्मिला यादव, गोविंद शर्मा, प्रेमकुमार, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।


