मुख्यमंत्री मोहन यादव सेवढ़ा पुल का करेंगे लोकार्पण:2021 की बाढ़ में टूटे पुल की जगह बना है नया ब्रिज; कलेक्टर ने लिया जायजा

4 अगस्त 2021 की भीषण बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए पुल की जगह नवनिर्मित पुल का उद्घाटन अगले सप्ताह प्रस्तावित है। संभावित रूप से 21 फरवरी को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पुल का लोकार्पण कर सकते हैं। इसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बुधवार को जिला कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने सेवढ़ा-बरहा-लहार रोड स्थित हेलीपैड और नवनिर्मित पुल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने सेवढ़ा-बरहा-लहार रोड स्थित हेलीपैड का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित हेलीकॉप्टर आगमन को देखते हुए उन्होंने हेलीपैड के समतलीकरण, पहुंच मार्ग, टेंट, पार्किंग और पार्टी कार्यकर्ताओं की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 5-6 दिन में फिनिशिंग पूरी करने को कहा कलेक्टर ने नवनिर्मित पुल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों को लाइट पोल, एप्रोच रोड के साइड शोल्डर भरने सहित समस्त फिनिशिंग कार्य 5 से 6 दिनों के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद कलेक्टर का काफिला पुल से होकर गुजरा, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता का प्रत्यक्ष आकलन किया गया। द्वारिकाधीश मंदिर समिति ने सौंपा ज्ञापन इसके बाद कलेक्टर द्वारिकाधीश (बिहारी जी) मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन किया। द्वारिका नींव मंदिर समिति द्वारा कलेक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारियों का ‘राधा नाम’ पट्टिका पहनाकर स्वागत किया गया। समिति पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मंदिर में 10 मिनट का समय देने के आग्रह को लेकर ज्ञापन सौंपा। कृषि उपज मंडी में होगी सीएम की सभा कलेक्टर ने सनकुआ स्थित काली माता मंदिर प्रांगण पहुंचकर शिवरात्रि पर्व मेले की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान प्रकाश व्यवस्था, पुलिस तैनाती एवं आपदा प्रबंधन समिति की भूमिका को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री की प्रस्तावित सभा कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित की जाएगी। सभा स्थल पर मंच, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर ने एसडीएम और एसडीओपी को चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सनकुआ क्षेत्र के विकास का बनेगा प्लान निरीक्षण के दौरान पत्रकारों से चर्चा में कलेक्टर वानखेड़े ने सनकुआ क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को लेकर विकास प्लान तैयार किए जाने की बात कही। अन्य मुद्दों पर समयाभाव का हवाला देते हुए आगे चर्चा का आश्वासन दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *