छिंदवाड़ा में मामूली घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। परासिया थाना क्षेत्र के बीजे सायडिंग इलाके में बेटे ने अपने ही पिता पर फावड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। घटना 3 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नीरज इनवाती घर में तेज आवाज में होम थिएटर चला रहा था। उसकी मां ने आवाज कम करने को कहा, जिस पर नीरज ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान पिता भारत लाल इनवाती (72) ने बेटे को समझाने और गाली देने से रोका। इसी बात से गुस्साए नीरज ने आंगन में रखा फावड़ा उठाया और पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में घायल बुजुर्ग की अस्पताल में मौत हमले में भारत लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परासिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने 11 फरवरी 2026 को आरोपी नीरज इनवाती (36) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।


