सूरजपुर जिले में सोनगरा-बोझा मार्ग में कोयला परिवहन में लगी ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, वहीं चालक सहित दो घायल हो गए। एक युवक द्वारा स्वयं का गला काट लिए जाने के बाद उसे बाइक में बैठाकर दो युवक सोनगरा जा रहे थे। हादसे में स्वयं का गला काटने वाला युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। मामला भटगांव थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर ग्राम मायापुर द्वितीय में अपने ससुराल आये युवक ननकू राम (29 वर्ष) ने पारिवारिक विवाद के कारण अपना गला काट लिया। उसकी हालत गंभीर होता देख परिजनों ने उसे तत्काल हॉस्पिटल पहुंचाने का निर्णय लिया। गांव के ही युवक संतोष से मदद मांगी गई। संतोष अपनी होंडा साइन बाइक में ननकू एवं उसे पकड़ने के लिए गदे राम (26 वर्ष) को पीछे बैठाकर सोनगरा के लिए रवाना हुआ। तेज रफ्तार में टक्कर, एक सवार का सिर कुचला
ननकू को लेकर तेज रफ्तार में सोनगरा की ओर जा रहे बाइक को रास्ते में कोयला लोड ट्रेलर क्रमांक सीजी 15 ईएच 8375 ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक में पीछे बैठा गदे राम उछलकर सड़क पर गिर गया और ट्रेलर के पहिये के नीचे आ गया। उसका सिर कुचल जाने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में बाइक चालक संतोष एवं ननकू दूसरी ओर गिरकर घायल हो गए। हादसे से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सोनगरा चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। ननकू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। लोगों ने किया सड़क जाम, रफ्तार पर रोक लगाने की मांग
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही एसडीएम ललित भगत, तहसीलदार चन्द्रशिला जायसवाल, थाना प्रभारी सरफराज फिरदौशी, चौकी प्रभारी रघुवंश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। देर शाम तक लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की मांग है कि कोयला लोड ट्रेलरों के कारण आए दिन हादसे होते हैं। इनकी गति पर नियंत्रण लगाया जाए। प्रशासनिक अधिकारियों ने शाम को लोगों को समझाइश देकर मार्ग से जाम खुलवाया।


