सांसद बृजमोहन ने बजट 2026-27 को बताया आत्मविश्वास का बजट:बोले- गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण का रोडमैप, विकसित भारत का संकल्प मजबूत

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा में बजट 2026-27 को ‘आत्मविश्वास का बजट’ बताते हुए इसे गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में मील का पत्थर है और देश की तेज़ी से बढ़ती प्रगति को और गति देगा।
रायपुर सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा में इसे ‘आत्मविश्वास का बजट’ बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण के लिए समर्पित है। सांसद ने कहा कि बीते ग्यारह वर्षों में देश ने तेज़ी से विकास किया है और वैश्विक पहचान बनाई है। इस बजट के जरिए भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा, “अब भारत रुकेगा नहीं, झुकेगा नहीं और थमेगा नहीं।” छत्तीसगढ़ के विकास पर भी उन्होंने ध्यान दिया। उन्होंने बताया कि ‘भारत विस्तार एआई मिशन’ के तहत राज्य के किसानों को छत्तीसगढ़ी भाषा में उन्नत कृषि तकनीक सिखाई जाएगी। धान के समर्थन मूल्य में वृद्धि का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस के समय 1310 रुपये मिलते थे, जबकि आज मोदी सरकार 2369 रुपये और छत्तीसगढ़ में 3100 रुपये में खरीदी कर किसानों को लाभ मिला। सांसद ने इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी में हुई क्रांति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की गति कांग्रेस के 12 किमी प्रतिदिन की तुलना में अब 33 किमी प्रतिदिन है, जबकि रेलवे ट्रैक पहले 6.4 किमी प्रतिवर्ष बिछते थे, अब लक्ष्य 100 किमी प्रतिवर्ष है। दानकुनी-सूरत डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और भुवनेश्वर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर छत्तीसगढ़ को औद्योगिक लाभ देंगे। औद्योगिक और शैक्षणिक विकास पर सांसद ने कहा कि बजट में रेयर अर्थ और सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40,000 करोड़ रुपये रखे गए हैं। शिक्षा में 42,100 करोड़ रुपये और 15,000 नए स्कूल, 5,000 कॉलेज बनाए जाएंगे। इन संस्थानों को अब अनुसंधान की प्रयोगशालाओं के रूप में विकसित किया जाएगा। युवाओं और महिलाओं के लिए भी राहत है। विदेश में पढ़ने वाले छात्रों को शिक्षा और चिकित्सा ऋण पर ब्याज दर 5% से घटाकर 2% किया गया है। हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल बनने से महिला सशक्तिकरण को गति मिलेगी। आर्थिक दृष्टि से, सांसद ने कहा कि देश का बजट अब 53.47 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। राजकोषीय घाटा घटकर 4.4% हुआ है, और बैंक मुनाफे में हैं। उन्होंने बताया कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। सांसद ने कांग्रेस पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति अतीत की पीली डायरी जैसी हो गई है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी देश के उज्जवल भविष्य की किताब लिख रहे हैं। कांग्रेस शासन में संसाधन थे, लेकिन संकल्प नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सत्ता का माध्यम जनता की सेवा है, जबकि कांग्रेस के लिए यह ‘परिवार की धरोहर’ थी। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बजट को केवल खर्च का विवरण नहीं बल्कि देश के भविष्य में निवेश बताया और कहा कि यह भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *