झालावाड़ जिले के भवानीमंडी स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की टीचर्स का स्कूल में रील्स बनाने का मामला सामने आया है। इन रील्स में ये टीचर्स फिल्मी गानों पर डांस करती दिख रही हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों ने आपत्ति जताई है कि अगर स्कूल में टीचर्स ऐसे वीडियो बनाएंगी तो बच्चों पर क्या असर पड़ेगा। इस मामले पर शिक्षा विभाग ने भी संज्ञान लिया है। हाथ में नोट लेकर भी बनाई रील्स ग्रामीणों का कहना है कि इन वीडियो में कुछ टीचर्स तो अकेली, तो कुछ साथ में और कुछ हाथ में रुपए लेकर रील्स बनाती नजर आ रही हैं। ये वीडियो सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए बनाए गए हैं। परीक्षाएं नजदीक, टीचर्स रील्स बनाने में व्यस्त इन टीचर्स पर रील्स बनाने का जुनून तब सवार हुआ है जब छात्रों की बोर्ड परीक्षाएं नजदीक आ चुकीं हैं। ऐसे में अभिभावकों ने ये वीडियो देखकर चिंता व्यक्त की है। ग्रामीणों और बच्चों के अभिभावकों का कहना है एक तरफ स्कूल परिसर में फोन के इस्तेमाल पर रोक लगी रहती है तो दूसरी तरफ ये वीडियो बनाए जा रहे हैं। स्कूल की प्रिंसिंपल ज्योति गुप्ता ने बताया- यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा है, तो आदेश जारी कर शिक्षिकाओं को समझाया जाएगा। शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई करने की बात कही मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कल्याणमल मेघवाल ने कहा- मोटिवेशनल और ज्ञानवर्धक वीडियो बनाना उचित है, लेकिन फिल्मी गानों पर वीडियो बनाने का मामला गंभीर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले को संज्ञान में लेकर शिक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे और उचित कार्रवाई की जाएगी।


