बालाघाट के वारासिवनी में एक तेज रफ्तार टवेरा कार (क्रमांक एमएच 26 एस 1517) अनियंत्रित होकर जयस्तंभ से जा टकराई। इस घटना में जयस्तंभ के पास लगे पिल्लरों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, वाहन चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना बुधवार दोपहर करीब 4 बजे की है। कटंगी की ओर से वारासिवनी आ रहा था वाहन यह वाहन कटंगी की ओर से वारासिवनी आ रहा था। वाहन में आशीष पिता मनोहर सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन का ब्रेक फेल होने के कारण वह अनियंत्रित हो गया और जयस्तंभ के पास लगे पिल्लरों को तोड़ते हुए उससे टकरा गया। नपा ने दर्ज कराई शिकायत नगर पालिका (नपा) ने इस घटना से हुए नुकसान को लेकर वारासिवनी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है। सीएमओ सूर्यप्रकाश उईके ने बताया कि जयस्तंभ के आसपास लगे पिल्लरों को क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और इसकी भरपाई वाहन मालिक से कराई जाएगी। लोगों की मदद से वाहन हटाया गया शहर के व्यस्ततम चौराहे पर हुई इस घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों की मदद से वाहन को वहां से हटाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि वाहन जयस्तंभ से नहीं टकराता तो कई लोगों की जान को खतरा हो सकता था।


