डीग जिले में शैक्षणिक व्यवस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं का आकलन करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने बुधवार को राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल, कुंडा भगवान दास (डीग) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने विद्यार्थियों के नामांकन में हुई वृद्धि पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने इसे संस्था प्रधान और शिक्षकों के प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर की जांच की। साथ ही, मिड-डे मील और मुख्यमंत्री बाल गोपाल योजना के तहत दुग्ध वितरण की नियमितता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में पोषाहार वितरण व्यवस्था सुचारू पाई गई।
जिला कलेक्टर ने स्कूल में शैक्षणिक स्टाफ की कमी का संज्ञान लिया। संस्था प्रधान ने बताया कि रिक्त पदों के संबंध में उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। इस पर जिला कलेक्टर ने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त, स्कूल की सुरक्षा दीवार के निर्माण से संबंधित लंबित प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने स्कूल परिसर में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। केंद्र प्रभारी को परिसर में उच्च स्तरीय स्वच्छता बनाए रखने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विभागीय मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


