जयपुर के खो-नागोरियान इलाके में सीएमएचओ जयपुर (सेकंड) की फूड सेफ्टी टीम ने छापेमारी कर अमूल कंपनी का एक्सपायरी स्टॉक पकड़ा। CF गोदाम से बड़ी मात्रा में अमूल कंपनी के नूडल्स केच अप, म्योनीज,एनर्जी ड्रिंक के पैकेट्स से भरे तीन हजार कार्टन सीज किए। जिनकी कीमत करीब 6 करोड़ रुपए से ज्यादा की बताई गई है। टीम ने जांच में पाया कि ये सारा माल एक्यपायर हो चुका है। ऐसे में उन कार्टन पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट को मिटाकर दोबारा नई डेट लगाकर बाजार में बेचने की तैयारी थी। इसे देखते हुए टीम ने करीब 6 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत का माल जब्त करते हुए पूरे गोदाम को सीज कर दिया। जयपुर सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि हमें 181 पोर्टल पर शिकायत मिली थी, जिसके बाद हमारी टीम को भेजा गया। टीम खो-नागोरियान स्थित मैसर्स एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर के यहां पहुंची। जहां गोदाम में रखे सामान की जांच की तो पता चला कि यहां मैसर्स कायरा डिस्ट्रिक्ट को ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर यूनियन, गुजरात की तरफ से बनाए अमूल ब्रांड के कई नॉन डेयरी फूड प्रोडक्ट (नूडल्स, केच अप,म्योनीज, एनर्जी ड्रिंक) के करीब 3 हजार कार्टन पड़े हैं, जो एक्सपायरी हो चुके हैं। मित्तल ने बताया कि इनमें से 1000 कार्टन में तो माल पर छपी एक्सपायरी और मैन्युफैक्चरिंग डेट ही मिटा दी गई थी। मौके पर फर्म का मालिक गगन आहूजा इन पैकेटों से थिनर, एसीटोन आदि केमिकल से डेट मिटाकर नई डेट प्रिंट करके बेचने की तैयारी में था। फर्म का फूड लाइसेंस भी एक्सपायर हो चुका था। कंपनी ने माल लेने से मना किया तो यू-ट्यूब पर सीखा डेट बदलना पूछताछ में CF संचालक गगन आहूजा ने बताया कि गुजरात की जिस कंपनी से माल आया था, उसने एक्सपायर माल लेने से मना कर दिया था। ऐसे में नुकसान होता देख हमने यू-ट्यूब पर डेट बदल कर माल बेचने का तरीका सीखा। डॉ. मित्तल ने बताया कि टीम ने मौके पर एक्सपायर माल को सीज कर दिया है, जिसे नगर निगम के डंपिंग यार्ड में नष्ट करवाया जाएगा। साथ ही मौके से नूडल्स, टोमेटो केच अप, सॉस के नमूने लेकर जांच के लिए लैब में भिजवाए। इसके साथ ही पूरे गोदाम को सील करते हुए आने वाले आदेशों तक यहां मौजूद माल की बिक्री पर रोक लगा दी है।


