लुधियाना जिले में जगराओं के गांव कोठे जीवा में बुधवार को एक मुफ्त एंटी-रेबीज टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। बता दे कि यह कदम गांव में एक ही परिवार के सात सदस्यों को कुत्ते के काटने के बाद रेबीज के संदिग्ध मामलों की सूचना मिलने पर उठाया गया था। परिवार को जांच के लिए पीजीआई भेजा गया था, हालांकि बाद में हुई जांच में रेबीज की पुष्टि नहीं हुई। शिविर में कोठे जीवा और आसपास के इलाकों के कुत्तों को मुफ्त टीके लगाए गए। एनिमल हस्बैंड्री डिपार्टमेंट टीम ने किया घरों का दौरा एनिमल हस्बैंड्री डिपार्टमेंट के डायरेक्टर परमदीप सिंह वालिया को संदिग्ध मामलों की जानकारी मिलने पर एक वेटेरिनरी सर्विलांस टीम और इमरजेंसी टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने गांव कोठे जीवा के सभी 95 घरों का दौरा किया। जांच के दौरान, गांव के कुत्तों सहित सभी जानवर स्वस्थ पाए गए और किसी भी जानवर में रेबीज के कोई लक्षण नहीं मिले। कुत्तों में नहीं मिले रेबीज के लक्षण वहीं संबंधित परिवार के 10 महीने और 2 महीने के दो पालतू कुत्तों में भी रेबीज के लक्षण नहीं पाए गए।हेल्थ डिपार्टमेंट ने 31 जनवरी को मीडिया में भी पुष्टि की थी कि इन संदिग्ध मामलों में रेबीज नहीं था। सर्वे के दौरान, हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम के साथ समन्वय स्थापित कर गांव के सरपंच और ग्रामीणों को किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत एनिमल हस्बैंड्री डिपार्टमेंट से संपर्क करने की सलाह दी गई। एनिमल हस्बैंड्री डिपार्टमेंट, जगराओं की टीमों ने इलाके के लोगों को रेबीज के बारे में जागरूक भी किया।


