तरनतारन में ऑपरेशन प्रहार फेज-2 के तहत पुलिस की कार्रवाई:48 अपराधी गिरफ्तार, 56 संदिग्ध हिरासत में, हेरोइन-लाहन और शराब जब्त

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार फेज-2’ के तहत तरनतारन पुलिस ने कार्रवाई की है। जिले में चलाए गए विशेष तलाशी अभियान के दौरान 48 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और 56 संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। यह अभियान गैंगस्टरों और असामाजिक तत्वों के मंसूबों को नाकाम करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।इस विशेष अभियान के तहत, तरनतारन पुलिस ने गिरफ्तार किए गए अपराधियों और हिरासत में लिए गए संदिग्धों के पास से भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद किया है। इसमें 732 ग्राम हेरोइन, 250 किलोग्राम लाहन, 2250 मिलीलीटर अवैध शराब, तीन मोबाइल फोन और 4000 रुपये की ड्रग मनी शामिल है। इसके अतिरिक्त, एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है और 15 लोगों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई है। पुलिस की जनता से अपील- अफवाहों पर ध्यान न दें फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेह दीप शर्मा और तरनतारन के एसएसपी सुरेंद्र लांबा के निर्देशन में, पुलिस टीमों ने जिले भर में नाकाबंदी की, संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाए और भीड़भाड़ वाले बाजारों में भी जांच की। जिले के अंदर और बाहर नाका बिंदुओं पर दिन-रात कड़ी चौकसी बरती गई। पुलिस ने शहर के आंतरिक और बाहरी इलाकों में विशेष नाकाबंदी कर आने-जाने वाले हर वाहन की सावधानीपूर्वक जांच की। इस दौरान काली फिल्म/जालियों, हूटर, दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और घातक हथियार ले जाने वाले वाहनों पर विशेष ध्यान दिया गया। उल्लंघन करने वालों के चालान भी काटे गए। तरनतारन पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि उन्हें अपने क्षेत्र में कोई अवांछित वस्तु या संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *