भाजपाईयों ने 1143 मतदाताओं का नाम काटने दिया आवेदन:कांग्रेस ने लगाया आरोप, तहसीलदार को ज्ञापन सौंप FIR दर्ज करने की मांग

एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) प्रक्रिया के दौरान अंबिकापुर शहरी क्षेत्र के वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने को लेकर विवाद गहरा गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा से जुड़े कुछ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से ऑनलाइन फार्म-7 भरकर एक वर्ग विशेष के मतदाताओं को मृत या अन्यत्र स्थानांतरित बताकर उनके नाम विलोपित करने की सिफारिश की गई है। कांग्रेस ने तहसीलदार अंबिकापुर को ज्ञापन सौंप एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
कांग्रेस की ओर से राज्य निर्वाचन पदाधिकारी को जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से भेजी गई शिकायत में कहा गया है कि शहर में अब तक ऐसे 1143 मतदाताओं को चिन्हित किया गया है, जिनके नाम रूप से नियम विरुद्ध तरीके से काटने की कोशिश की गई। कांग्रेस का दावा है कि पूरे जिले में यह संख्या कई हजार हो सकती है। जिन लोगों का नाम काटने की सिफारिश की गई है, वे सभी ऐसे मतदाता हैं जो भाजपा के वोटर नहीं हैं। भाजपाईयों ने भरे फार्म, FIR की मांग
शिकायत में भाजयुमो के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अंशुल श्रीवास्तव, पार्षद पति विकास गुप्ता, पार्षद प्रत्याशी रहे विशेष केशरवानी, पूर्व पार्षद अवधेश सोनकर सहित डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों के नामों का उल्लेख करते हुए कांग्रेसियों ने आरोप लगाया गया है कि अलग-अलग पोलिंग बूथों के मतदाताओं के नाम हटाने के लिए ऑनलाइन फार्म-7 भरे गए। कांग्रेस का कहना है कि निर्वाचन नियमों के अनुसार शिकायतकर्ता उसी मतदान केंद्र का मतदाता होना चाहिए, जबकि 99 प्रतिशत मामलों में यह शर्त पूरी नहीं हुई। कांग्रेस का यह भी आरोप है कि जिन मतदाताओं के नाम हटाने की अनुशंसा की गई है, उनमें निर्वाचित पार्षद, पूर्व पार्षद और बीएलओ और अन्य शासकीय कार्यालयों में जिम्मेदार पदों पर कार्यरत लोग भी शामिल हैं, जो अभी भी संबंधित वार्ड में निवासरत हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दिए ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की है कि नियम विरुद्ध भरे गए सभी फार्म-7 को तत्काल निरस्त किया जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में केवल नियमानुसार प्राप्त आवेदनों को ही स्वीकार करने के निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही वैध मतदाताओं के नाम अनावश्यक रूप से हटाए जाने से रोकने के लिए सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। कांग्रेस पार्टी गलत जानकारी के साथ नियम विरुद्ध फार्म-7भरने वालो पर विभिन्न सम्बंधित थानों में FIR कराएगी। ज्ञापन सौंपने गए कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, आशीष वर्मा, पार्षद हसन खान, मेराज रंगरेज, शुभम जायसवाल, जीवन यादव, जमील खान, शानू मुखर्जी, अमित सिन्हा, अविनाश कुमार, अंशु सिंह, मिथुन सिंह सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी शामिल रहे।
तहसीलदार बोले-नाम काटे नहीं गए, जांच होगी
इस मामले को लेकर अंबिकापुर तहसीलदार उमेश कुमार बाज ने कहा कि जिन मतदाताओं का नाम काटने के लिए फार्म 7 भरा गया है, उनका नाम काटा नहीं गया है। इसका भौतिक सत्यापन किया जाएगा। नियमानुसार मामले में कार्रवाई होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *