राजस्थान की वित्त मंत्री एवं डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने आज अपना तीसरा बजट पेश किया। इस बजट में झालावाड़ जिले को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। हालांकि, उद्योगों की स्थापना और थर्मल इकाई जैसी बड़ी घोषणाएं नहीं की गईं, जबकि जिले में रोजगार के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन एक बड़ी समस्या है। स्वास्थ्य क्षेत्र में झालावाड़ जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज को एमआरआई मशीन देने की घोषणा की गई है। यह घोषणा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी राहत मानी जा रही है। पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों की सुविधा के लिए मुकुंदरा हिल्स के नोलाव गांव में एक नया गेट खोला जाएगा। इससे जिले में पर्यटन गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त, छोटी कालीसिंध नदी और चाचोरनी में सिंचाई परियोजना पर काम किया जाएगा। इस परियोजना पर 1 हजार 622 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिससे क्षेत्र में कृषि को लाभ मिलेगा। झालावाड़ जिले को क्या-क्या मिला… – झालावाड़ जिले में कोटा नागदा रेल खंड भवानीमंडी और चोमेहला में 47 करोड़ 31 लाख और 41 करोड़ 91 लाख रुपए आरओबी के निर्माण पर खर्च होंगे। – मनोहरथाना ,खानपुर क्षेत्र में 33/11 केवी जीएसएस निर्माण होंगे। मनोहरथाना मार्ग से देवरी-जागीर परवन नदी पर ऊंच स्तरीय पुल निर्माण पर 39 करोड़ खर्च होंगे। – मुंडला और दोबड़ी सड़क मार्ग पर 33 करोड रुपए से पुलिया निर्माण, भवानीमंडी में 15 एमएलडी क्षमता एसपी कार्य पर 36 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। – सीवरेज प्लांट क्षमता पर 18 करोड़ से कार्य होंगे, गढ़ पैलेस झालावाड़ के संरक्षण और जीर्णोद्धार कार्य भी किया जाएगा। – डग क्षेत्र के क्यासरा मंदिर विकास कार्य, जैल झालावाड़ में बंदी सुधार कार्य, झालावाड़ शहर में स्थित कृष्ण सागर तालाब मरम्मत व जीर्णोद्धार कार्य किए जाएंगे। – पिडावा क्षेत्र के सोंडवाड़ी इलाके में 5 ग्राम पंचायत पर 16 माइक्रो एरिकेशन टैंक लिंक चैनल पर एक करोड़ 50 लख रुपए खर्च होंगे, इसी तरह सूरजकुंड मरम्मत पर 2 करोड़ रुपए। – चवली बांध मुख्य नहर रायपुर डिस्टिब्यूटरी पर मरम्मत कार्य पर 16 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। साथ ही चंद्रभागा नदी झालरापाटन में फेज 2 के कार्य पर 7 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जबकि जिले में गोदाम निर्माण कार्य पर 20 करोड़ के कार्य, डग, झालावाड़ सहित अन्य इलाकों में कराए जाएंगे। – पशु अस्पताल झालरापाटन में निर्माण कार्य पर 15 करोड़ रुपए खर्च होंगे। कांग्रेस विधायक ने बताया निराशाजनक बजट खानपुर विधानसभा से विधायक सुरेश गुर्जर ने कहा कि झालावाड़ का बजट निराशा जनक साबित हुआ है। उनकी विधानसभा में क्षेत्र के लोगों को केवल निराशा हाथ लगी है। इतिहास का सबसे खराब बजट है, आने वाले चुनाव में इसके परिणाम सामने आएंगे।


