सांड से बचाव में फिसली बाइक, चालक की मौत:ऐंतहार के पास हादसा, हेलमेट का कांच टूटकर चेहरे में धंसा, तेरहवीं से लौट रहा था

भिंड जिले के पावई थाना क्षेत्र अंतर्गत ऐंतहार स्टेशन के समीप बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जयदीप सिंह पुत्र श्यामसिंह परिहार, निवासी राजपूत नगर थाना देहात, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जयदीप सिंह अपने बेटे राज परिहार के साथ पोरसा क्षेत्र के गढ़ी गांव में तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से भिंड लौट रहे थे। शाम करीब 6:45 बजे ऐंतहार स्टेशन के पास अचानक सड़क पर एक सांड आ गया। सांड को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और फिसलकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे के समय जयदीप ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन गिरने के दौरान हेलमेट का कांच टूट गया। टूटे हुए कांच के टुकड़े उनके चेहरे में धंस गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस चालक कुलदीप मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जयदीप को मृत घोषित कर दिया। बता गया कि जयदीप सिंह मुंबई में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। वे मंगलवार को ही मुंबई से भिंड आए थे और बुधवार को पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गढ़ी गांव गए थे। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *