राजस्थान सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में राजकीय अमृतकौर जिला अस्पताल, ब्यावर के लिए 15 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति जिला कलेक्टर कमल राम मीना द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर दी गई है, जिसका उद्देश्य अस्पताल के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करना है। जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने हाल ही में राजकीय अमृतकौर जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान अस्पताल के हॉल और कमरों की स्थिति जर्जर पाई गई। चिकित्सा अधिकारियों ने कलेक्टर को बताया था कि अस्पताल में तीन नए हॉल/कमरों की तत्काल आवश्यकता है, क्योंकि वर्तमान कक्षों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। कलेक्टर ने जानकारी दी कि लगभग 70 वर्ष पुराना यह भवन अब जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। अस्पताल के तीन हॉल और बरामदे क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिसके कारण चिकित्सकों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। मरीजों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में अस्पताल के तीन कमरे और एक हॉल मय बरामदा असुरक्षित घोषित किए जा चुके हैं।
अस्पताल की इस गंभीर स्थिति को देखते हुए, पुराने एवं क्षतिग्रस्त हॉल व कमरों के स्थान पर नवीन हॉल मय बरामदा निर्माण, पुरानी बिल्डिंग की मरम्मत, टाइल्स कार्य, सड़क, नाली एवं सीवरेज व्यवस्था तथा जल निकासी सुधार के लिए 15 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान स्वीकृत किया गया है। इस स्वीकृति से अस्पताल में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे डॉक्टरों को बेहतर कार्यस्थल मिलेगा और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। अमृतकौर जिला अस्पताल से ब्यावर जिले के साथ-साथ राजसमंद, पाली एवं भीलवाड़ा के निकटवर्ती क्षेत्रों के लोग भी लाभान्वित होंगे। बजट में इस महत्वपूर्ण प्रावधान को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।


