तारानगर पुलिस ने 14 ऊंटनियां तस्करों से मुक्त कराईं:ट्रक में मुंह-पैर बांधकर यूपी ले जा रहे थे, 3 गिरफ्तार

चूरू की तारानगर पुलिस ने साहवा सर्किल पर नाकाबंदी के दौरान तस्करी कर उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही 14 ऊंटनियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में एक ट्रक सहित तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। ऊंटनियों के मुंह और पैर रस्सियों से बांधे गए थे, जिससे वे दर्द से कराह रही थीं। तारानगर थानाधिकारी सतपाल बिश्नोई ने बताया कि पुलिस को एक आईसर ट्रक में ऊंटनियों को भरकर उत्तर प्रदेश ले जाने की सूचना मिली थी। इस पर साहवा सर्किल पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान गौसेवक बाबूलाल और छोटूराम भी मौके पर पहुंचे। साहवा की तरफ से तेज गति से आ रहे एक आयसर ट्रक को रोका गया। ट्रक पर लगे तिरपाल को हटाने पर उसमें ऊंटनियां भरी मिलीं। उनके मुंह और पैर रस्सियों से कसकर बांधे गए थे, जिससे वे काफी पीड़ा में थीं। पुलिस ने ट्रक में सवार उत्तर प्रदेश निवासी जुबैर (25), खालिद पठान और अफजल को पशु तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि इन ऊंटनियों को गोगामेड़ी, नोहर से भरकर उत्तर प्रदेश के बागपत ले जाया जा रहा था। पुलिस ने सभी ऊंटनियों को ट्रक से उतरवाकर बालाजी गौ सेवा समिति में भिजवाया है। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एएसआई महेश कुमार को सौंपी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *