डिजिटल अपराधों पर कसा जाएगा शिकंजा:आईजी ने पुलिस को तकनीकी रूप से मजबूत करने के दिए निर्देश

पुलिस महानिरीक्षक भरतपुर रेंज कैलाश चन्द्र विश्नोई ने कहा है कि वर्तमान समय में अपराध के तरीके तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे में पुलिस को तकनीकी रूप से सशक्त होना होगा। सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से होने वाले अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने जोर दिया कि आमजन का भरोसा कायम रखना ही पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को डीग पहुंचे रेंज आईजी विश्नोई ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, रिकॉर्ड संधारण, प्रशासनिक ढांचे और कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक भी की, जिसमें कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई। आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ितों की शिकायतों पर बिना देरी के जांच कर प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अपराधों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। साइबर अपराधों को लेकर आईजी विश्नोई ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में 800 से अधिक साइबर अपराध के मामले दर्ज किए गए, जिनमें लगभग साढ़े तीन हजार आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि जिले में साइबर अपराध नियंत्रण की स्थिति में है, लेकिन लक्ष्य इसे पूरी तरह समाप्त करना है। आईजी के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीना सहित जिले के वरिष्ठ एवं अधीनस्थ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *