छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजीपी विश्वरंजन की हालत गंभीर:पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती, कार्डियक संबंधी बीमारी से जूझ रहे; दोबारा वेंटिलेटर पर

छत्तीसगढ़ के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विश्वरंजन की तबीयत गंभीर बनी हुई है। उन्हें पिछले महीने बिहार की राजधानी पटना स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां एक्सपर्ट डॉक्टरों की टीम की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि उन्हें कार्डियक संबंधी गंभीर समस्या हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले उनके स्वास्थ्य में हल्का सुधार हुआ था। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया था, लेकिन मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखना पड़ा। फिलहाल उनकी हालत क्रिटिकल बनी हुई है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी जरूरी मेडिकल प्रोटोकॉल अपनाए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ के छठवें डीजीपी रहे विश्वरंजन विश्वरंजन छत्तीसगढ़ के छठवें डीजीपी रहे हैं। वर्ष 2007 में तत्कालीन डीजीपी ओपी राठौर के असामयिक निधन के बाद राज्य सरकार ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी थी। वे लगभग चार वर्षों तक इस पद पर रहे और अपने कार्यकाल के दौरान पुलिस प्रशासन में कई अहम सुधार किए। उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया गया। आईबी में भी रहे लंबे समय तक 1973 बैच के आईपीएस अधिकारी विश्वरंजन का प्रशासनिक अनुभव काफी व्यापक रहा है। मध्यप्रदेश के विभाजन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिला था, हालांकि 2007 से पहले वे कभी छत्तीसगढ़ में पदस्थ नहीं रहे थे। वे लंबे समय तक इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में प्रतिनियुक्ति पर रहे और एडिशनल डायरेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी कार्य किया। उनके बीमार होने की खबर से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में चिंता का माहौल है। सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *