सिवनी जिले के कुरई में पीपरवानी-तिरोड़ी मार्ग पर बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में दंपती की मौत हो गई। स्कूटी के बेकाबू होकर पेड़ से टकराने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीपरवानी से लौटते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, तिरोड़ी निवासी अशोक उइके (43) अपनी पत्नी सुनीता उइके के साथ स्कूटी से पीपरवानी से अपने घर तिरोड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे रास्ते में उनकी स्कूटी अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दंपती को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम राहगीरों की सूचना पर कुरई थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरई ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में सदमे में है। कुरई टीआई कृपाल सिंह टेकाम ने बताया- प्रथम दृष्टया मामला वाहन के बेकाबू होने का लग रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, इसके बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच जारी है।


